Accident

फोरलेन पर कंटेनर से टकराईं स्कार्पियो, एक की मौत सात अन्य जख्मी 

 

बीआर दर्शन | बक्सर 

एनएच 922 बक्सर – पटना फोरलेन पर ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के गरहथा गांव के समीप दर्दनाक सड़क हादसे में बारात से लौट रहे स्कॉर्पियो सवार युवक की मौत हो गई। घटना में चालक समेत सात अन्य लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया।

घटना कंटेनर द्वारा अचानक ब्रेक लगाए जाने से पीछे आ रही स्कॉर्पियो उसमें जा भिड़ने की बात कही जा रही है। मृतक की पहचान कृष्णागढ़ थाना क्षेत्र के सरैया गांव निवासी 30 वर्षीय मुकेश नट के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

परिजनों के अनुसार मुकेश नट अपने रिश्तेदार की बारात में शामिल होने बक्सर जिले गए थे। बारात से लौटते समय स्कॉर्पियो में कुल आठ लोग सवार थे। तभी गरहथा गांव के पास आगे चल रहे कंटेनर ने अचानक ब्रेक लगा दिया, जिससे तेज रफ्तार स्कॉर्पियो सीधे कंटेनर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और उसमें बैठे सभी लोग घायल हो गए। मृतक के साला गुड्डू कुमार ने बताया कि हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। मुकेश नट की हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। बाद में शव को वापस बक्सर सदर अस्पताल लाया गया, जहां पोस्टमार्टम कराया गया।

घटना में जख्मी अन्य लोगों का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा है। कई जख्मियों की स्थिति भी गंभीर बताई जा रही है। मुकेश नट अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार में पत्नी पुष्पा देवी, चार बेटियां — अंजली, सोनी, नंदिनी और काव्या — तथा एक पुत्र बलिराम उर्फ गोलू हैं। हादसे की खबर मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button