संदिग्ध परिस्थिति में विवाहिता की मौत, ससुराल वालों पर हत्या का आरोप

बीआर दर्शन | बक्सर
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के महदह गांव में संदिग्ध परिस्थिति में विवाहिता की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतका के मायके वाले ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगा रहे थे।


मिली जानकारी के मुताबिक ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के रहथुआ गांव के भुवनेश्वर महतो की पुत्री नेहा कुमारी की शादी वर्ष 2025 में महदह गांव के शंकर कुशवाहा के साथ हुई थी।शनिवार की रात उसकी मौत की सूचना ससुराल वालों ने मायके वालों को दी। ससुराल वालों ने मायके वालों को बताया कि आपकी बेटी ने जीवन लीला समाप्त कर ली है। सूचना के अनुसार उसने स्वयं ही फंदे से लटक गई। सूचना मिलते ही घर वाले भागे-भागे वहां पहुंचे। लेकिन, उसका शव फंदे से हटाकर बिस्तर पर रख दिया गया था। मायके वालों का कहना है, यह साजिश है, उसकी हत्या कर दी गई है। रविवार की सुबह मुफस्सिल थाने की पुलिस वहां पहुंची। पुलिस घटना की जांच में जुट गई। पुलिस ने बताया उसका पति शादी के कुछ समय बाद ही कमाने विदेश चला गया था। अभी हाल फिलहाल वापस लौटा है। दोनों में कुछ मनमुटाव की बात भी सामने आई है। कुछ दिन पहले ही शंकर उसे ससुराल से लेकर अपने घर आया था। पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है। फिलहाल मामले में एफआईआर दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कराए जाने के बाद जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





