महाराष्ट्र से चोरी हुईं पांच लग्जरी गाड़ियां बक्सर में बरामद, एक गिरफ्तार

बीआर दर्शन | बक्सर
औद्योगिक थाना क्षेत्र के मंझरिया गांव में चोरी की पांच लग्जरी गाड़ियां बरामद की गई हैं। महाराष्ट्र पुलिस और औद्योगिक थाना पुलिस के संयुक्त अभियान में यह कार्रवाई हुई। इस दौरान पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद गिरफ्तार आरोपी को महाराष्ट्र पुलिस अपने साथ लेकर चली गई।
मिली जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र से हाल ही में पांच लग्जरी गाड़ियां चोरी हुई थीं, जिनमें फॉर्च्यूनर और थार जैसी गाड़ियां शामिल थीं। चोरी की इन गाड़ियों का सुराग लगाते हुए महाराष्ट्र पुलिस को पता चला कि ये वाहन बक्सर के मंझरिया गांव में मौजूद हैं। जांच में खुलासा हुआ कि ये गाड़ियां स्थानीय निवासी अभिषेक सिंह के यहां लगी हुई हैं। इसके बाद महाराष्ट्र पुलिस ने बक्सर औद्योगिक थाना पुलिस से संपर्क किया और संयुक्त रूप से छापेमारी कर इन गाड़ियों को बरामद कर लिया। बता दें कि पिछले दिनों कोरान सराय थाना क्षेत्र में भी चोरी की लग्जरी वाहन बरामद हुई थी।
औद्योगिक थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि गिरफ्तार किए गए अभियुक्त को महाराष्ट्र पुलिस अपने साथ ले गई है, जहां उससे आगे की पूछताछ की जाएगी। बरामद सभी गाड़ियों को औद्योगिक थाना परिसर में सुरक्षित खड़ा किया गया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि चोरी की इन गाड़ियों को बक्सर तक कैसे लाया गया और क्या इसमें कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था। गिरफ्तार आरोपी का अपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।