Education

बच्चों ने गुलाल और पुष्पवर्षा कर मनाया होली मिलन समारोह, दिया समरसता का संदेश

 

बीआर दर्शन | बक्सर

शहर के बाईपास रोड स्थित बिहार सेंट्रल स्कूल में सोमवार को होली मिलन समारोह का आयोजन उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। होली पर्व से पूर्व विद्यालय की छुट्टियों के दौरान प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में सीनियर एवं जूनियर वर्ग के बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर एवं पुष्प वर्षा कर होली की शुभकामनाएं दीं। पूरे परिसर में रंग, उमंग और आपसी प्रेम का वातावरण देखने को मिला। बच्चों ने हर्षोल्लास के साथ एक-दूसरे के प्रति मंगलकामनाएं व्यक्त करते हुए भाईचारे और सौहार्द का परिचय दिया। विद्यालय के सचिव सरोज सिंह ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि होली मिलन का आयोजन केवल रंग खेलने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य नई पीढ़ी के भीतर आपसी समरसता, बंधुत्व और सामाजिक सौहार्द की भावना का विकास करना है। उन्होंने कहा कि हमारे सभी पर्व-त्योहार जीवन में सकारात्मक परिवर्तन और नैतिक मूल्यों को आत्मसात करने का अवसर प्रदान करते हैं। यदि विद्यार्थी इन संदेशों को अपने जीवन में उतारें, तो एक स्वस्थ और सुंदर समाज का निर्माण संभव है।

छात्र शशि चंद्र ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि जिस प्रकार प्रकृति हर वर्ष नए स्वरूप में परिवर्तित होती है, उसी प्रकार हमें भी अपने विचारों को सकारात्मक और परिवर्तनशील बनाना चाहिए, ताकि हम श्रेष्ठ मानव जीवन जी सकें। छात्रा राजलक्ष्मी ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि मानवीय भावनाओं के खुले और पवित्र प्रकटीकरण का अवसर है। इस अवसर पर शिक्षक ललित ओझा, अर्चना श्रीवास्तव, मधु श्रीवास्तव, अभय, चांद, मोहम्मद अतीक, सुनील, वरुण, छाया, शैलेश, तसलीमा, जानवी, अरुणिमा, प्रिया, अनुराधा एवं अमित सहित अन्य उपस्थित रहे।

होली मिलन समारोह ने बच्चों के बीच न केवल उत्सव का आनंद भर दिया, बल्कि सामाजिक एकता और सकारात्मक सोच का सशक्त संदेश भी दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button