ट्रक की टक्कर से जख्मी बाइक सवार सेल्स मैन की इलाज के दौरान मौत

बीआर दर्शन | बक्सर
चौसा-कोचस मार्ग पर अखौरीपुर गोला के समीप के पास रविवार की देर शाम ट्रक की टक्कर से जख्मी बाइक सवार सेल्स मैन गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटना के बाद पुलिस ने जख्मी को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना रेफर कर दिया। पटना में इलाज के दौरान सोमवार को उसकी मौत हो गई। मृतक उत्तर प्रदेश के करीमुद्दीन थाना क्षेत्र के रजौली गांव निवासी शशिकांत राय के 30 वर्षीय पुत्र अभिनव राय है।

बताया जाता है कि अभिनव मोबाइल स्क्रीन का ऑर्डर लेने और सामग्री पहुंचाने का काम करता था। इसी सिलसिले में वह रविवार को चौसा क्षेत्र में आया था। रविवार को ऑर्डर का काम पूरा करने के बाद बाइक से घर लौट रहा था।

इसी दौरान अखौरीपुर गोला स्थित आरओबी के समीप विपरीत दिशा से राजपुर की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी बाइक में सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां से पटना रेफर किए जाने के बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दी। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया।

अपर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि सड़क हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। घटना की वास्तविक स्थिति की जानकारी के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। ट्रक की पहचान और चालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है।




