गंगा स्नान के दौरान 22 वर्षीय युवक डूबा, 24 घंटे बाद मिला शव

बीआर दर्शन | बक्सर
चक्की प्रखंड के परानपुर गांव के समीप शुक्रवार को गंगा में स्नान करने के दौरान 22 वर्षीय युवक तेज धार की चपेट में आकर डूब गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। युवक की पहचान भोला डेरा निवासी हरिगोविंद व्यास के पुत्र उमाशंकर यादव के रूप में हुई है।

परिजनों ने बताया कि उमाशंकर सुबह में पशुओं को लेकर परानपुर बांध के समीप गया था। इसी दौरान वह गंगा में स्नान करने लगा। नदी के बढ़े जलस्तर और तेज बहाव के कारण वह अचानक गहरे पानी में चला गया। देखते ही देखते वह लापता हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने युवक को बचाने का प्रयास किया। लेकिन तेज धारा के कारण उन्हें सफलता नहीं मिली।


घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। युवक के डूबने की खबर मिलते ही उसके घर में चीख-पुकार मच गई। गांव में भी मातम का माहौल है। सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन ने एसडीआरएफ की टीम और स्थानीय गोताखोरों को घटनास्थल पर पहुंच गई। टीम ने कई घंटे तक गंगा में सर्च अभियान चलाया। हालांकि, युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका। अंधेरा होने के बाद शुक्रवार को अभियान रोक दिया गया। शनिवार को फिर से युवक की तलाश शुरू की गई। बताया जा रहा है कि युवक का शव बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।





