चौंगाई में छत से गिरने से महिला की मौत, पसरा मातम
मंगलवार की सुबह छत पर कार्य करने गई थी महिला पैर में साड़ी फंसने से छत से गिरी, इलाज के दौरान मौत

बीआर दर्शन। बक्सर
मुरार थाना क्षेत्र के चौगाईं में छत से गिरने से दलित परिवार की एक महिला की मौत हो गई। महिला के मौत के बाद घर में मातम पसर गया। घटना के बाद मृतक महिला के बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार को चौंगाई गांव के प्रमोद पासी की पत्नी कुंती देवी घरेलु कार्य कर रही थी। उसी दौरान किसी कार्य को लेकर छत पर गई थी। छत पर कार्य करने के दौरान उनका पैर साड़ी में फंस गया। साड़ी फंसने से महिला का संतुलन बिगड़ गया और छत से नीचे गिर पड़ी। महिला को तत्काल चौंगाई प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पर भर्ती कराया गया। प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया। महिला को इलाज के लिए परिजन लेकर सदर अस्पताल पहुंचे। हालांकि महिला की मौत अस्पताल पहुंचने के पूर्व ही हो गई। चिकित्सकों के मुताबिक महिला के सिर में गंभीर चोट के कारण मौत हो गई। महिला के मौत के बाद परिजन शव लेकर घर चले गए। मृतका के देवर ने बताया कि महिला के एक बेटा और एक बेटी है। बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना के बाद घर में मातम पसर गया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मृतका के परिवार के लिए आर्थिक मुआवजे की मांग किया।