CRIME

धनसोई बाजार स्थित बंद मकान में मिला स्वर्ण व्यवसायी का शव

 

बीआर दर्शन | बक्सर 

धनसोई बाजार में गुरुवार को एक मकान से तेज दुर्गंध आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। अनहोनी की आशंका पर स्थानीय ग्रामीणों ने इसकी सूचना धनसोई थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मकान का दरवाजा खुलवाया तो अंदर एक युवक का शव बरामद हुआ। मृतक युवक की पहचान खोचरिहा गांव निवासी श्रीराम सेठ के पुत्र संतोष सेठ के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के मुताबिक, संतोष सेठ दुर्गा मंदिर के सामने स्थित एक मकान में रहते थे। धनसोई बाजार में उनकी श्री राम ज्वैलर्स के नाम से आभूषण की दुकान है। बताया जाता है कि पिछले तीन दिनों से मकान का दरवाजा नहीं खुला था। गुरुवार को मकान की तरफ से गुजर रहे लोगों को तेज दुर्गंध महसूस हुई। इसके बाद आसपास के लोगों के बीच तरह-तरह की आशंकाएं जताई जाने लगीं।

ग्रामीणों ने इसकी सूचना मृतक के पिता श्रीराम सेठ को उनके गांव खोचरिहा जाकर दी। इसके बाद धनसोई थाना पुलिस को भी मामले की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मकान का दरवाजा बंद होने के कारण मिस्त्री की मदद से ताला तोड़ा गया। इसके बाद पुलिस और स्थानीय लोग मकान के अंदर दाखिल हुए। वहां छत के गलियारे में संतोष सेठ औंधे मुंह गिरे पड़े मिले। उनके मुंह से खून निकलने की बात भी सामने आई।

बताया जाता है कि संतोष सेठ की पत्नी की करीब एक वर्ष पहले बीमारी के कारण मृत्यु हो गई थी। उनकी छह वर्षीय बेटी अपने ननिहाल उनवास गांव में रहती है।

धनसोई थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बक्सर भेज दिया गया है। घटनास्थल की जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है। ग्रामीणों के अनुसार, मृतक नशे का सेवन भी करता था। हालांकि, युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button