CRIME

चोरी या पूर्व का विवाद: पेड़ पर उल्टा लटका युवक की पिटाई कर जख्म पर डाला लाल मिर्च पाउडर, एफआईआर दर्ज 

 

बीआर दर्शन | बक्सर 

मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गुरुदास मठिया गांव में तालीबानी चेहरा सामने आया। चोरी के आरोप में पकड़े गए युवक को उन्मादी भीड़ द्वारा पेड़ पर उल्टा लटका कर पिटाई किया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने पर पुलिस की नींद खुली। पीड़ित के बयान पर पुलिस ने 17 नामजद के साथ 15 अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर आरोपितों के गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी करने का दावा कर रही है।

बताया जा रहा है कि जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र गुरुदास मठिया गांव में चोरी के शक में ग्रामीणों ने एक युवक को न केवल बंधक बनाया, बल्कि उसे पेड़ से उल्टा लटकाकर बर्बरता पूर्वक सजा दी गई। इस खौफनाक मंजर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।घटना रविवार देर रात करीब 3 बजे की बताई जा रही है। ग्रामीणों का दावा है कि युवक चोरी की नीयत से गांव में दाखिल हुआ था। आहट होने पर लोगों ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। आक्रोशित भीड़ ने आव देखा न ताव, युवक के हाथ-पैर बांधे और उसे पेड़ से उल्टा लटका दिया। वायरल वीडियो में युवक की बेबसी साफ देखी जा सकती है। हालांकि, वीडियो में प्रहार के दृश्य धुंधली हैं।

सोमवार सुबह सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाया। घायल युवक की पहचान स्थानीय निवासी बसावन यादव के पुत्र रवि कुमार के रूप में हुई है। जिसका इलाज सदर अस्पताल में कराया गया।

मामले में नया मोड़ तब आया जब युवक के परिजनों ने इसे साजिश करार दिया। पिता बसावन यादव का आरोप है कि पुरानी रंजिश के कारण उनके बेटे को झूठे आरोप में फंसाकर जानलेवा हमला किया गया है। बुधवार को पीड़ित परिवार न्याय की गुहार लेकर इटाढ़ी रेलवे गुमटी स्थित मुफस्सिल थाना चेकपोस्ट पहुंचा। परिजनों का कहना है कि वे इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कराकर न्याय के लिए एसपी कार्यालय तक जाएंगे। मुफस्सिल थाना पुलिस के अनुसार, शुरुआत में युवक ने किसी भी प्रकार की लिखित शिकायत देने से इनकार कर दिया था। हालांकि वीडियो वायरल होने के बाद मामले में एफआईआर दर्ज कराई गई। हालांकि ग्रामीणों के बीच दबी जुबान में प्रेम प्रसंग में घटना को अंजाम देने की चर्चा है।

पिता ने 17 पर नामजद के साथ 10-15 अज्ञात पर दर्ज कराई एफआईआर:

घटना के लगभग 48 घंटे गुजरने के बाद पुलिस ने जख्मी युवक के पिता के बयान पर एफआईआर दर्ज कराई है। पीड़ित परिवार ने स्थानीय गांव के राजु राम, प्रेम राम, मधु राम, राकेश राम, अजीत राम, अंजनी राम, रवि राम, सुनील राम, निरहु राम, कुलवीर राम, गोलु राम, गणेश राम, प्रकाश राम, रामाशंकर राम, राज कुमार राम, रामनाथ राम युपी के कोटवा नारायणपुर के अनिल राम के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। इसके साथ ही 10-15 अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। परिजनों का कहना है कि आरोपितों द्वारा पूर्व के विवाद को लेकर साजिश के तहत उसके पुत्र को पेड़ पर उल्टा लटका कर पीटा गया। मारपीट के दौरान लाल मिर्च पाउडर भी जख्मी शरीर पर लगाया गया।

मामले को लेकर एसपी शुभम आर्य ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है। घटना की जांच कर आरोपितों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button