उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ छात्रों का हुआ विदाई समारोह

बीआर दर्शन | बक्सर
शहर के बाइपास रोड स्थित बिहार सेंट्रल स्कूल परिसर में शुक्रवार को कक्षा दसवीं के छात्र-छात्राओं के लिए विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह उनके उज्ज्वल भविष्य के साथ किया गया। कार्यक्रम का माहौल उत्साह और भावनाओं से भरा रहा। समारोह के अवसर पर विद्यालय के निदेशक ई. आर. बी. सिंह ने सभी विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल एवं मंगलमय भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आज के बाद बच्चे केवल विद्यालय से विदा हो रहे हैं, उनकी शैक्षणिक यात्रा निरंतर जारी रहेगी। प्रत्येक विद्यार्थी का अपना लक्ष्य और महत्वाकांक्षा होती है, जिसे पूरे मनोयोग और समर्पण के साथ पूरा करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि जीवन में कहीं भी रहें, मेहनत और ईमानदारी को सदैव प्राथमिकता दें, यही आपको सफलता की ओर ले जाएगी।

वहीं विद्यालय की सचिव सरोज सिंह ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्हें हमेशा नैतिक मूल्यों और शिक्षा को अपने जीवन में आगे बढ़ाते रहना चाहिए, ताकि उनका जीवन सफल होने के साथ-साथ जनकल्याणकारी भी बने।उन्होंने कहा कि विद्यालय सामाजिक संरचना के निर्माण का प्रथम सोपान होता है, जो आगे चलकर एक सशक्त, सभ्य और शिक्षित समाज की नींव रखता है।

इस अवसर पर कक्षा नौवीं के छात्र-छात्राओं ने कक्षा दसवीं के विद्यार्थियों को उपहार भेंट किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के दौरान दसवीं के छात्र-छात्राएं अपने विद्यालय में बिताए गए पलों को याद कर भावुक हो उठे और वातावरण भाव-विभोर हो गया। समारोह का समापन सौहार्दपूर्ण माहौल और भविष्य की नई उम्मीदों के साथ किया गया।




