CRIME

हवाई फायरिंग कर बना रहे थे भौकाल, पुलिस ने दो को भेजा जेल 

 

बीआर दर्शन | बक्सर 

फायरिंग कर गांव में भौकाल बना रहे दो युवकों को धनसोई थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवकों से पूछताछ के बाद पुलिस ने जेल भेज दिया। मौके से फरार एक युवक की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस छापेमारी कर रही है। घटना धनसोई थाना क्षेत्र के सिसौंधा गांव के पास शुक्रवार को बताईं जा रही है। पुलिस ने मौके से एक लोडेड नाइन एमएम पिस्टल और चार खाली खोखे बरामद किए हैं।

धनसोई पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक स्विफ्ट कार में सवार कुछ अपराधी इलाके में फायरिंग करते हुए गुजर रहे हैं। ग्रामीणों ने देखा तो युवकों का पीछा करते हुए पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही धनसोई थाना प्रभारी विकास कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही कार सवार अपराधी गाड़ी किनारे छोड़कर भागने लगे। इस दौरान पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए श्याम कुमार उर्फ लड्डू यादव और गोलू कुमार नामक दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, उनका एक साथी भागने में सफल रहा।

गिरफ्तार अपराधियों की पहचान सिसौंधा टोला निवासी श्याम कुमार उर्फ लड्डू यादव (पिता बीरेंद्र यादव) और गोलू कुमार (पिता अर्जुन सिंह) के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा स्विफ्ट कार की तलाशी लेने पर उसमें से एक नाइन एमएम का लोडेड पिस्टल बरामद हुआ। घटनास्थल के आसपास तलाशी के दौरान चार खोखे भी मिले, जिससे फायरिंग की पुष्टि हुई है। फरार युवक अखिलेश कुमार की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी कर रही है।

घटना की जानकारी मिलने पर डीएसपी गौरव कुमार पांडेय शुक्रवार को धनसोई थाना पहुंचे और पूरे मामले की जांच की। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है तथा फरार अपराधी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button