सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत, घर में पसरा मातम

बीआर दर्शन | बक्सर
सरेंजा-खतीबा सड़क मार्ग पर गुरुवार को अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। घटना के बाद युवक की मौके पर मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मिली जानकारी के मुताबिक इटाढ़ी थाना क्षेत्र के बिझौरा निवासी रवि साह का पुत्र मोहित कुमार किसी काम से बाइक से कुकुढा जा रहा था। तभी रास्ते में तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने सामने से उसे टक्कर मार दी। हादसा इतना जोरदार था कि युवक बाइक से उछलकर सड़क किनारे जा गिरा। गंभीर चोटों के चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। पुलिस पहुंच पहले शव को कब्जे में ले लिया। घटना की जानकारी के बाद घर मे कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द आरोपी वाहन चालक की गिरफ्तारी हो और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए।
थानाध्यक्ष सोनू कुमार ने बताया कि मामले में पुलिस शव को कब्जे में ले पोस्टमार्टम को भेज दिया है। जांच के बाद पुलिस अज्ञात वाहन व चालक का पता लगा रही है।