सड़क दुघर्टना में पूर्व मुखिया पुत्र की मौत, अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर

बीआर दर्शन। बक्सर
कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के चौकिया गांव के समीप रविवार की सुबह डुमरांव पावर ग्रिड में कार्यरत गार्ड की लाश मिली। शव की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच शव को कब्जे में ले लिया। अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत बताई जा रही है।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
मिली जानकारी के मुताबिक स्थानीय थाना क्षेत्र के नुआंव गांव निवासी पूर्व मुखिया महेन्द्र प्रातप सिंह के 51 वर्षीय पुत्र भोला सिंह डुमरांव पावर ग्रिड में गार्ड की नौकरी करते थे। शनिवार की शाम घर से ड्यूटी के लिए गए थे। रविवार की सुबह घर नहीं लौटे तो परिजनों ने खोजबीन शुरू कर दी। इस दौरान उनका मोबाइल बंद होने के कारण परिजन परेशान हो गए। परिजन पुलिस को सूचना देते हुए अपने स्तर पर खोजबीन शुरू कर दिया। करीब 9 बजे चौकियां गांव के पास घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन मौके पर पहुंच गए। अनुमान लगाया जा रहा है कि ड्यूटी से लौटने के दौरान हादसा हुआ है। घटना के बाद परिजनों का रो -रो कर बुरा हाल हो गया। कृष्णाब्रह्म थानाध्यक्ष नीतीश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले में एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।