शार्ट- सर्किट से मंझरिया गांव में लगी आग, पांच हुए बेघर, एक झुलसा

बीआर दर्शन | बक्सर
सदर प्रखंड के खुंटाहा पंचायत अंतर्गत मझारिया गांव वार्ड नंबर एक में मंगलवार देर रात करीब 11 बजे शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी से आग लग गई। हादसे में करीब दर्जन भर झोपड़ीनुमा घर जलकर राख हो गए, जिससे पांच गरीब परिवारों का पूरा आशियाना उजड़ गया।

ग्रामीणों के मुताबिक झोपड़ियों के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ। जिससे निकली चिंगारी सीधे एक झोपड़ी पर गिर गई। देखते ही देखते झोपड़ी आग की चपेट में आ गई। जब तक लोग कुछ समझ पाते, आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। नींद से जागे लोगों ने शोर मचाया और जान बचाने के लिए बाहर निकलकर आसपास के लोगों को बुलाया।

आग लगने की सूचना तत्काल अग्निशमन विभाग को दी गई। इसके साथ ही ग्रामीण अपने स्तर से बाल्टी और पानी की मदद से आग बुझाने में जुट गए। हालांकि झोपड़ियों में रखे पुआल, पशु चारा और सूखे अनाज के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और आसपास की अन्य झोपड़ियां भी उसकी चपेट में आ गईं। इस दौरान शिवजी यादव अपने मवेशियों को बचाने के प्रयास में गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें तत्काल गोलम्बर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

इस अग्निकांड में एक गाय की झुलसने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य मवेशी गंभीर रूप से झुलस गए हैं। वहीं किसान ललन यादव, गणेश यादव, कमलेश यादव, बबन यादव और शिवजी यादव के घरों में रखे सभी घरेलू सामान जलकर राख हो गए। इसके अलावा नगद करीब 70 हजार रुपये, लगभग 60 क्विंटल धान और गेहूं सहित अन्य घरेलू अनाज भी पूरी तरह नष्ट हो गए।

सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। अग्निशमन अनुमंडल पदाधिकारी सुनंदा कुमारी ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही दो यूनिट दमकल वाहनों को मौके पर भेजा गया था। इस हादसे में एक व्यक्ति झुलसा है, एक गाय की मौत हुई है और झोपड़ियों में रखा अनाज व पशु चारा पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया है। घटना के बाद से पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवारों के लिए प्रशासन से राहत एवं मुआवजे की मांग की।



