लोन दिलाने के नाम पर खाता खुलवाकर किया करोड़ों का अवैध लेन-देन, पुलिस ने किया गिरफ्तार

बीआर दर्शन | बक्सर
लोन दिलाने के नाम पर ठगी और फर्जी बैंक खातों के जरिए करोड़ों रुपये के अवैध लेन-देन का बड़ा मामला सामने आया है। बक्सर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।

मिली जानकारी के मुताबिक 09 फरवरी 2026 को इटाढ़ी थाना क्षेत्र के बैरी गांव के संजीत कुमार कुशवाहा ने आवेदन में बताया कि मानसिक रूप से दिव्यांग उनके छोटे भाई हेमंत कुमार से गांव के ही दो युवकों ने लोन दिलाने का झांसा देकर दो अलग-अलग बैंकों में खाता खुलवा दिया। इतना ही नहीं, उनके नाम पर सिम कार्ड भी जारी कराया गया। पीड़ित को खाते से संबंधित कोई भी दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराया गया। बाद में पता चला कि उन्हीं खातों का इस्तेमाल कर अवैध तरीके से करोड़ों रुपये का ट्रांजेक्शन किया जा रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए बक्सर साइबर थाना में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष जांच दल का गठन किया गया।

गठित टीम ने दोनों बैंक खातों के ट्रांजेक्शन की जांच की, जिसमें बड़े पैमाने पर संदिग्ध लेन-देन की पुष्टि हुई। इसके बाद खाता खुलवाने वाले आरोपी बैरी गांव के ही नरेश तिवारी के पुत्र अनमोल तिवारी को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वह और उसके साथी लोगों को सरकारी योजना व लोन का लालच देकर उनके नाम पर खाते खुलवाते थे और दस्तावेज अपने पास रख लेते थे। फिर साइबर ठगी के माध्यम से प्राप्त रकम को इन्हीं खातों से निकाल लिया जाता था। गिरफ्तारी टीम में पुलिस अधीक्षक सह साईबर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार कश्यप, रामरतन पंडित, संजय कुमार सिंह, विकास कुमार लायक, शुभम कुमार, अनुपमा कुमारी थी।

पूर्व में भी गिरफ्तार हो चुके हैं साइबर ठगी के आरोपी :
बक्सर में अंगुठे का क्लोन बनाकर फर्जी तरीके से पैसा निकालने का मामला प्रकाश में आ चुका है। साइबर थाना पुलिस ने अंगुठे का क्लोन बनाकर ठगी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।




