राजपुर में तीन घटनाओं में शिक्षक समेत तीन की मौत, सदमे में परिजन

बीआर दर्शन | बक्सर
राजपुर थाना क्षेत्र में 24 घंटे के अंदर तीन अलग-अलग घटनाओं में शिक्षक समेत तीन की मौत हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद तीनों परिवार में मातम पसरा हुआ है।

मिली जानकारी के मुताबिक राजपुर प्रखंड के खरहना गांव निवासी शिक्षक अशोक कुमार राम (48 वर्ष) की सोमवार दोपहर करंट लगने से मौत हो गई। वह अपने घर में कपड़े पर आयरन कर रहे थे, तभी अचानक विद्युत करंट की चपेट में आ गए। घटना की सूचना मिलते ही धनसोई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

धनसोई थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि अशोक कुमार राम कपड़े में आयरन करते समय करंट की चपेट में आए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बक्सर भेज दिया है। मृतक शिक्षक अशोक कुमार राम राजपुर पंचायत के जैतपुरा गांव स्थित विद्यालय में वर्ष 2025 से प्रधानाध्यापक के पद पर कार्यरत थे। उनके निधन की खबर मिलते ही क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक उनके घर पहुंचे और परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की। मृतक के तीन पुत्र सूर्य कुमार, दीपक कुमार और अरुण कुमार हैं, जो अभी पढ़ाई कर रहे हैं। अचानक हुए घटना से परिवार गहरे सदमे में हैं।

वहीं राजपुर थाना क्षेत्र के ईसापुर-खीरी मुख्य पथ पर संगरॉव-पलिया गांव के पास रविवार रात एक कांवरिया की बेसुध होकर गिरने से मौत हो गई। मृतक की पहचान कैमूर (भभुआ) जिले के कुढ़नी थाना क्षेत्र के कम्हारी गांव निवासी 28 वर्षीय प्रकाश उर्फ बिगन पांडेय के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रकाश अपने गांव के कई लोगों के साथ ट्रैक्टर पर सवार होकर चौसा महादेव घाट से गंगाजल लेने जा रहा था। सभी को गंगाजल लेकर कम्हारी गांव स्थित शिव मंदिर में जलाभिषेक करना था। रास्ते में किसी बात को लेकर प्रकाश का अपने साथियों से विवाद हो गया। इसके बाद उसके साथी उसे रास्ते में उतारकर आगे निकल गए और प्रकाश अकेले पैदल ही आगे बढ़ने लगा।रविवार देर रात करीब मध्यरात्रि संगरॉव पुल से आगे वह अचानक बेसुध होकर सड़क किनारे पानी भरे चाट में गिर पड़ा। सुनसान इलाका होने के कारण काफी देर तक उसकी मदद के लिए कोई नहीं पहुंच सका। घटना के लगभग एक घंटे बाद इसी रास्ते से गुप्ताधाम जा रहे कांवरियों के दूसरे जत्थे की नजर उस पर पड़ी। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना संगरॉव बाजार में कांवरियों की सेवा में लगे युवकों को दी। युवकों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।

धनसोई थाना क्षेत्र के गोसैसीडेरा गांव में रविवार देर शाम एक 20 वर्षीय युवक की पानी भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान गोसैसीडेरा गांव निवासी बुधन चौधरी के पुत्र सुरेमन चौधरी के रूप में हुई है।

ग्रामीणों के अनुसार, सुरेमन रविवार शाम शौच के लिए नहर किनारे गया था। इसी दौरान नहर के समीप सड़क निर्माण के लिए जेसीबी से खोदे गए एक गड्ढे के पास उसका पैर फिसल गया। वह गहरे पानी से भरे गड्ढे में जा गिरा और डूब गया।घटना की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल धनसोई थाना पुलिस को सूचित किया। सूचना पर थानाध्यक्ष विकास कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने काफी प्रयास के बाद युवक का शव पानी से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया।



