मारपीट करने पहुंचा युवक देसी कट्टा व कारतूस के साथ गिरफ्तार, मौके से तीन बाइक

बीआर दर्शन | बक्सर
ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के एकडाढ़ हीरा के डेरा गांव में खेत में काम करने के दौरान हुए विवाद के बाद फायरिंग की घटना सामने आई है। मामले में ब्रह्मपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को देसी कट्टा, सात जिंदा कारतूस और एक खोखा के साथ गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने मौके से तीन बाइक भी बरामद किया है। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।


मिली जानकारी के मुताबिक एकडाढ़ हीरा के डेरा निवासी मोनू यादव पिता बच्चा लाल यादव अपने खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों द्वारा उनकी फसल को नुकसान पहुंचाया जा रहा था। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोप है कि राहुल तिवारी, पिता भूषण तिवारी, ने अपने पांच अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद सभी आरोपियों ने मिलकर मोनू यादव के साथ मारपीट शुरू कर दी।

मारपीट के दौरान आरोपियों ने देसी कट्टा से फायरिंग कर दी। गोली पीड़ित के बगल से होकर निकल गई, जिससे वह बाल-बाल बच गए। घटना के बाद पीड़ित के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर जुटने लगे। लोगों को आता देख आरोपी भागने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भागने के दौरान मनन तिवारी, पिता हरि नारायण तिवारी, जो राहुल तिवारी का चचेरा भाई बताया जा रहा है, ग्रामीणों के हत्थे चढ़ गया। इसकी सूचना तुरंत ब्रह्मपुर थाना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक की तलाशी ली, जिसमें उसके पास से एक देसी कट्टा, सात जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया गया। बताया जा रहा है कि इस घटना में कुल छह लोग शामिल थे। आरोपी बाइक से फरार होने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन हड़बड़ी में तीन बाइक मौके पर ही छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने तीनों बाइक को जब्त कर लिया है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। ब्रह्मपुर थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार ने बताया कि पीड़ित के आवेदन के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। गिरफ्तार आरोपी को जेल भेज दिया गया है।




