मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला के साथ दुष्कर्म, तीन आरोपी गिरफ्तार

बीआर दर्शन | बक्सर
चक्की थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार को मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज तीन घंटे के भीतर मामले का उद्भेदन कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले में एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक रविवार की सुबह चक्की पुलिस को सूचना मिली कि एक गांव में एक युवती के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर डुमरांव के एसडीपीओ भास्कर रंजन के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने सूचना का सत्यापन करने के साथ आवश्यक तकनीकी अनुसंधान किया और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी।

पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समशेर पासवान, पिता हरेंद्र पासवान, मोहित पासवान, पिता दीनदयाल पासवान और धनु पासवान, पिता राजेश पासवान के रूप में हुई है।


पुलिस के अनुसार, समशेर पासवान और मोहित पासवान पर घटना को अंजाम देने का आरोप है, जबकि धनु पासवान पर घटना के दौरान रेकी करने का आरोप है। पुलिस आरोपितों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

छापेमारी टीम में एसडीपीओ भास्कर रंजन के साथ ब्रह्मपुर के अंचल निरीक्षक ओम प्रकाश, चक्की थानाध्यक्ष अजय कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल शामिल थे। पुलिस ने इस संबंध में चक्की थाना एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।




