महिला ने गंगा में लगाई छलांग, मछुआरों ने बचाया

बीआर दर्शन | बक्सर
वीर कुंवर सिंह सेतु पर रविवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला ने अचानक गंगा नदी में छलांग लगा दी। छलांग लगाने के साथ ही गंगा घाट पर आसपास मौजूद नाविकों की तत्परता ने एक बड़ा हादसा होने से टाल दिया। नाविकों ने महिला को गंगा नदी से निकाला। इसके बाद डायल 112 की टीम ने महिला को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, महिला ने पुल से छलांग लगाते ही शोर मचाया गया। पास ही मौजूद नाविकों ने बिना एक पल गंवाए गंगा में उतरकर महिला को बाहर निकाला। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई। नगर थाना की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और महिला को इलाज के लिए बक्सर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, महिला की हालत अब स्थिर है और वह खतरे से बाहर है।
हालांकि महिला ने यह कदम क्यों उठाया, इसको लेकर अब तक कोई ठोस कारण सामने नहीं आया है। टाउन थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। महिला के पारिवारिक और मानसिक पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है ताकि सच्चाई सामने आ सके।