महाशिवरात्रि पर मंदिरों में उमड़े शिवभक्त, निकला शिव बारात

बीआर दर्शन | बक्सर
महाशिवरात्रि पर पुरा जिला शिवमय हो गया। अहले सुबह से ही गंगा स्नान के लिए घाटों पर भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने गंगा स्नान कर देवाधिदेव भगवान शिव को जलाभिषेक किये। सुबह से लेकर दोपहर तक जिला के सभी शिवालयों में आस्था का जनसैलाब उमड़ गया था। भगवान शिव को जलाभिषेक के लिए शहर के लगभग सभी मंदिरों व शिवालयों में भक्तों की लंबी कतार लगी रही। हर-हर महादेव की गूंज से शिवालय गूंजते रहे। शिव के जलाभिषेक के बाद भक्तों ने गरीब और असहायों के बीच दान-पुण्य किया। हर कोई महादेव की भक्ति में लीन रहा। महाशिवरात्रि पर शहर शिवमय दिखा।

नाथ बाबा मंदिर में सुबह से भक्तों की कतार लगी थी। श्रद्धालुओं को जलाभिषेक करने में किसी भी तरह की परेशानी नहीं हो इसके लिए मंदिर प्रबंधन की ओर से बेहतर व्यवस्था की गई थी। महिलाओं और पुरूष श्रद्धालुओं की अलग-अलग कतार लगवाई गई थी। बारी-बारी से श्रद्धालुओं को मंदिर में प्रवेश कराया जा रहा था। एक श्रद्धालु को जलाभिषेक के लिए करीब घंटे भर इंतजार करना पड़ा। मंदिर में भगवान शिव की श्रृंगार को देख भक्त धन्य हो गये। मंदिर में कई भक्तों ने रुद्राभिषेक भी कराया। वैदिक मंत्रोच्चार से मंदिर का परिसर गूंजता रहा। शहर के रामरेखा घाट स्थित श्रीरामेश्वरनाथ मंदिर में सुबह से भक्तों का रेला लगा था। इसके साथ ही ब्रह्मपुर ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर, इटाढ़ी के सोखा धाम मंदिर में शिव भक्तों का तांता लगा रहा। महिला एंव पुरूष श्रद्धालुओं की लंबी कतार दिखी। कतार में खड़े भक्त हाथों में गंगाजल से भरे पात्र लिए शिव-शिव और हर-हर महादेव का जाप कर रहे थे।

शहर के हर शिवालय और मंदिरों के पास फूल, बेलपत्र, धतूरा, भांग आदि की दुकानें सजी थी। लोगों ने गुलाब, गेंदा आदि फूलों के अलावा बेलपत्र और भांग की खरीदारी भगवान शिव को चढ़ाने के लिए की। सुबह में फूल-बेलपत्र की दुकानों पर भक्तों की अच्छी खासी भीड़ दिखी। सिद्धनाथ घाट स्थित भगवान शिव के मंदिर में भक्तों ने जलाभिषेक कर फूल, बेलपत्र, भांग और धतूरा चढ़ाए।

सुरक्षा की दृष्टिकोण शहर के सभी गंगा घाटों और मंदिरों में महिला और पुलिस बल के अलावा पदाधिकारियों की व्यवस्था प्रशासन की ओर से की गई थी। गंगा घाटों पर और मंदिरों में अत्याधिक भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस पदाधिकारी हर गतिविधियों पर नज रख रहे थे।

शहर में निकला शिव बारात, भुत- प्रेत बने बराती :
महाशिवरात्रि पर्व पर शहर के विभिन्न अखाड़ों से शिव बारात निकाली गई। शहर के कोइरपुरवा, खलासी मोहल्ला समेत विभिन्न मोहल्ले से बारात निकला। हाथी-घोड़े, उंट के साथ डीजे की धुन पर शहर में बरात निकाली गई। बारात शहर भ्रमण कर देर रात गौरीशंकर मंदिर पहुंचा। जहां पारंपरिक तरीके से शिव विवाह हुआ। महिला ने पारंपरिक तरीके से मंगल गीत गाकर बारातियों का स्वागत किया। शहरवासियों ने जगह – जगह पर शिव बारातियों को शर्बत, जल और जलपान करा कर स्वागत किया।





