मनियर नगर पंचायत उपचुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशी की जीत पर बक्सर में मनाया गया विजय उत्सव

बीआर दर्शन | बक्सर
बक्सर से सटे उत्तर प्रदेश के बलिया जिला के बांसडीह तहसील क्षेत्र स्थित मनियर नगर पंचायत के उपचुनाव में भाजपा नेता कुंवर कमलेश सिंह के समर्थन से चुनाव मैदान में उतरीं बुचिया देवी ने जीत दर्ज की है। उन्होंने समाजवादी पार्टी की उम्मीदवार धनवती देवी को 2135 मतों के भारी अंतर से पराजित कर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया। उनकी जीत पर बक्सर में विजय उत्सव मनाया गया।
मनियर नगर पंचायत में मिली जीत की खुशी में शनिवार को बक्सर जिला मुख्यालय चरित्रवन स्थित रानी कोठी में विजय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलेभर के प्रबुद्धजन, समाजसेवी और राजनीतिक नेताओं ने भाग लिया और भाजपा नेता कुंवर कमलेश सिंह को मिठाई खिलाकर बधाई दी। इस दौरान वक्ताओं ने कहा जश्न केवल चुनावी जीत का नहीं, बल्कि सामाजिक और राजनीतिक सहयोग की भावना का प्रतीक बना। कार्यक्रम में शामिल सभी लोगों ने इसे जनता के विश्वास और लोकतांत्रिक प्रक्रिया की जीत बताया। मौके पर रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव डॉ. श्रवण तिवारी, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता उमा पांडेय, सिधेश्वरानंद बक्सरी, राजद जिलाध्यक्ष शेषनाथ सिंह यादव, एमएलसी प्रतिनिधि संजय सिंह, अति पिछड़ा वर्ग के नेता सरोज राजभर, समाजसेवी संतोष चौबे, सतेंद्र उपाध्याय सहित अनेक गणमान्य जन उपस्थित थे।