भौकाल बनाने के लिए देसी कट्टा लेकर घुम रहे थे युवक, पुलिस ने भेजा जेल

बीआर दर्शन | बक्सर
अवैध हथियार के साथ भौकाल बनाने की चाहत रखने वाले दो युवकों को महंगा पड़ गया। राजपुर थाना पुलिस ने रोहनीभान गांव के समीप से बाइक सवार युवकों को एक देसी कट्टा के साथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवकों से पूछताछ के बाद पुलिस ने जेल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।


सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय ने बताया कि बुधवार को पुलिस को सूचना मिली कि दो युवक हथियार लेकर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही एसपी शुभम आर्य के निर्देश पर सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। टीम ने रोहनीभान गांव के बाहर जांच अभियान शुरू कर दिया। पुलिस की जांच देख बाइक सवार दोनों युवक बाइक छोड़ भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस टीम ने दौड़ कर दोनों युवकों को पकड़ लिया। तलाशी के क्रम में इनके पास से एक देसी कट्टा बरामद किया गया। पकड़े गए युवकों की पहचान राजपुर थाना क्षेत्र के डिहरी गांव के अनिल राय के पुत्र सत्यम राय और नित्यानंद शर्मा के पुत्र राजाबाबू शर्मा के रूप में हुई। युवकों के पास से एक देसी कट्टा और एक बाइक बरामद किया गया। युवकों ने पुलिस को बताया कि हथियार केवल लोगों को डराने-धमकाने और शादी विवाह में लहरा कर अपनी धाक जमाने के लिए रखे थे। पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया। गिरफ्तारी टीम में राजपुर थानाध्यक्ष निवास कुमार, डीआईयू के चंदन कुमार, सुभाष कुमार के साथ पुलिस बल के जवान थे।





