बाढ़ में घिरा ब्रह्मपुर प्रखंड का पहाड़ीचक गांव, दहशत में जी रहे हैं ग्रामीण

बीआर दर्शन | बक्सर
गंगा नदी में आए बाढ़ का कहर ब्रह्मपुर प्रखंड के पहाड़ीचक गांव में देखने को मिल रहा है। पुरा गांव बाढ़ के पानी से घिर गया है। बाढ़ के कारण ग्रामीण दहशत में जी रहे हैं। कई ग्रामीण सुरक्षित ठिकानों के तरफ निकल रहें हैं।
पिछले कुछ दिनों से गंगा नदी में बाढ़ प्रलय मचा रही है। गंगा नदी के तटीय इलाकों में पानी प्रवेश कर गया है। इसके साथ ही ब्रह्मपुर प्रखंड के पहाड़ीचक गांव बाढ़ के पानी से घिर गया है। ग्रामीण पानी में फंसे हुए हैं। गांव की आबादी करीब 500 है। कई ग्रामीणों के कच्चे मकान है। पानी घरों में प्रवेश कर गया है। ग्रामीण अपने जान – माल की सुरक्षा को लेकर परेशान हैं और मदद की आस लगाए हुए हैं। पानी के कारण सर्प और बिच्छू का डर भी सता रहा है। कुछ ग्रामीण सुरक्षित ठिकानों के लिए गांव से निकलने पर मजबूर हो गए हैं। ग्रामीण जवानियां गांव को देखते हुए दहशत में रात गुजार रहे हैं। बाढ़ के कारण जवानियां गांव बर्बाद हो चुका है। पहाड़ीचक गांव के दिवाकर पांडेय, लल्लू पांडेय, मल्लू पांडेय, मुन्नु साह, छोटकन साह, गोरख साह ने बताया कि बाढ़ के कारण जीवन दूभर हो गया है। जान- माल की चिंता सता रही है। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के द्वारा कोई मदद नहीं मिल रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जान- माल बचाने की गुहार लगाई।