पिकअप के धक्के से बाइक सवार युवक की मौत, पसरा मातम

बीआर दर्शन | बक्सर
सिमरी थाना क्षेत्र के खरहाटांड़-डुमरी पथ पर महरौली मोड़ के समीप शनिवार की देर रात बाइक और पिकअप की सीधी टक्कर में 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक युवक की पहचान महरौली गांव निवासी सुदर्शन यादव उर्फ तूफानी यादव के पुत्र विकास यादव के रूप में हुई है।

घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।


मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार की रात करीब 10 बजे विकास बाइक से घर से निकला था। इसी दौरान खरहाटांड़ की ओर से डुमरी जा रही एक पिकअप से महरौली मोड़ के पास उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि विकास की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। विकास की मौत से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक अपने पीछे पत्नी रूनी देवी, दो बेटे और एक बेटी को छोड़ गया है। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के पिता किसान हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने बताया कि विकास कुछ दिन पहले ही छुट्टी लेकर गांव आया था। वह चार-पांच दिनों बाद दोबारा काम करने के लिए विदेश जाने वाला था। घटना की सूचना मिलने पर सिमरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।





