नाली-गली निर्माण के विवाद में चली गाेली, पीड़ित ने संवेदक के खिलाफ दर्ज कराई एफआईआर

बीआर दर्शन | बक्सर
औद्योगिक थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर परिषद क्षेत्र के अहिरौली वार्ड 38 में सोमवार को नाली एवं गली निर्माण कार्य को लेकर ठेकेदार और स्थानीय लाेगाें के बीच विवाद हाे गया। ठेकेदार और स्थानीय लोगों के बीच हुई कहासुनी इतनी बढ़ गई कि एक पक्ष के द्वारा पथराव किया जाने लगा वहीं दूसरे पक्ष के द्वारा फायरिंग किया था। घटना में एक महिला घायल हो गई। महिला काे निजी अस्पताल में इलाज कराया गया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस माैके पर पहुंच गई। माैके से पुलिस से एक बुलेट, एक गाेली बरामद किया है। मामले में एफआईआर दर्ज कर पुलिस कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।
मिली जानकारी के मुताबिक, वार्ड पार्षद दिनेश कुमार द्वारा ठेकेदार सोनु यादव से आरसीसी नाली एवं गली का निर्माण कार्य कराया जा रहा था। लेकिन कार्य के दौरान दो पट्टीदारों के बीच जमीन विवाद और निर्माण में अनियमितता को लेकर मोहल्ले के लोगों ने काम रुकवा दिया था। इसके बावजूद सोमवार को ठेकेदार जबरन कार्य शुरू कराने पहुंचा, जिसका लोगों ने विरोध किया। इसके बाद विवाद इतना बढ़ गया कि दाेनाें पक्षाें के बीच पथराव हाेने लगा। आराेप है कि ठेकेदार के द्वारा दहशत फैलाने की नीयत से दाे राउंड फायरिंग की गई। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में दहशत फैल गई। गोली की आवाज सुनकर घर से बाहर निकली कमला देवी (पति स्व. अमावस यादव) पथराव में घायल हो गई।
घटनास्थल पर मौजूद पूनम देवी और अन्य महिलाओं ने आरोप लगाया कि नाली निर्माण कार्य में भारी गड़बड़ी की जा रही है। नाली ऊंची बना दी गई है, जिससे उनके घर में पानी घुसने लगा है। विरोध करने पर तीज पर्व के दिन भी ठेकेदार के लोगों ने गाली-गलौज किया था। पीड़ित परिजन की महिला रीता देवी ने बताया कि निर्माण कार्य के दौरान नाली काफी ऊचा कर दिया गया है जिससे हमारे घर में पानी घुसने लगा, जिसे लेकर कहासुनी इतनी बढ़ गई कि ठेकेदार पक्ष से गोली चलने की घटना हो गई।
माैके से पुलिस ने बरामद की बुलेट बाइक और एक गाेली:
अहिराैली वार्ड 38 में गाेलीबारी की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ गाैरव पांडेय और औद्याैगिक थानाध्यक्ष संजय कुमार माैके पर पहुंच गए। माैके से पुलिस ने एक बुलेट बाइक और एक गाेली बरामद किया। पुलिस ने गाेली काे कब्जे में लेकर एफएसएल जांच के लिए भेज दिया है। पुलिस की मानें ताे बरामद बाइक ठेकेदार साेनु यादव की है। पथराव और गाेलीबारी की घटना के बाद ठेकेदार अपनी बाइक माैके पर छाेड़ फरार हाे गया।
गाेलीबारी की घटना काे लेकर जख्मी के परिजन हरेन्द्र यादव उर्फ मुन्ना यादव ने ठेकेदार साेनु यादव के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। एफआईआर दर्ज हाेने के बाद पुलिस आराेपित के गिरफ्तारी काे लेकर प्रयास कर रही है।
सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय ने बताया कि स्थिति को काबू में ले लिया गया है। घटनास्थल से एक बुलेट बाइक और एक गाेली बरामद किया है। घटना काे लेकर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।