नाथ बाबा मंदिर से चोरी गया चंदन की लकड़ी गंगा नदी किनारे से बरामद, नहीं मिले चोर

बीआर दर्शन | बक्सर
नाथ बाबा मंदिर से अपराधियों द्वारा काटकर चोरी किए गए कीमती चंदन के दो पेड़ों को स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने बरामद कर लिया है। हालांकि इसमें किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस चोरों की गिरफ्तारी को लेकर प्रयास करने की बात पुलिस कह रही है। पुलिस चंदन लकड़ी को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।


मिली जानकारी के मुताबिक रविवार की सुबह नगर थाना पुलिस ने शहर के चरित्रवन स्थित यमुना घाट के पास गंगा नदी से इन चंदन के पेड़ों को बरामद किया। इस सफलता के बाद पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली है, वहीं आम लोगों में सुरक्षा को लेकर भरोसा भी बढ़ा है। पुलिस द्वारा मामले में लगातार दबिश और वैज्ञानिक तरीके से जांच तेज किए जाने के बाद अपराधियों पर दबाव बढ़ गया था। इसी दबाव में आकर उन्होंने चोरी किए गए चंदन के पेड़ों को ठिकाने लगाने के उद्देश्य से गंगा नदी में फेंक दिया। पुलिस को गुप्त सूचना और जांच के क्रम में यमुना घाट के पास नदी में इन पेड़ों के होने का संकेत मिला, जिसके बाद टीम ने कार्रवाई कर उन्हें बरामद कर लिया। चंदन के कीमती पेड़ बरामद होने की सूचना मिलते ही सदर एसडीएम अविनाश कुमार एवं एसडीपीओ गौरव पांडेय मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। अधिकारियों ने पुलिस टीम की कार्रवाई की सराहना करते हुए पूरे मामले की जानकारी ली और आगे की कार्रवाई के निर्देश दिए।

एसडीपीओ गौरव पांडेय ने बताया कि पुलिस ने घटना के बाद से ही सभी घाटों पर गहन जांच अभियान चला रखा था। साथ ही वैज्ञानिक अनुसंधान और तकनिकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि जांच तेज होने के कारण ही अपराधियों ने घबराकर चंदन के पेड़ों को गंगा में फेंक दिया। एसडीपीओ ने भरोसा दिलाया कि इस मामले में शामिल अपराधियों को बहुत जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




