Accident

दुर्घटना या हत्या: संदिग्ध हालात में सड़क दुघर्टना में युवक की मौत

 

 

बीआर दर्शन | बक्सर

एनएच 922 पर औद्योगिक थाना क्षेत्र के अहिरौली गांव के समीप रविवार की रात एक संदिग्ध सड़क दुर्घटना में 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से जख्मी अवस्था में सड़क पर गिरे स्कूटी सवार युवक को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया। सदर अस्पताल के चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक युवक की पहचान औद्योगिक थाना क्षेत्र के गोगौरा गांव निवासी नीतीश कुमार तिवारी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और इस मामले को महज सड़क दुर्घटना मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है।

मृतक के पिता अवधेश तिवारी ने बताया कि नितीश अपने पैतृक गांव गोगौरा से स्कूटी पर सवार होकर जिला मुख्यालय स्थित सोहनीपट्टी अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान काली मंदिर के समीप किसी अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। परिजनों का आरोप है कि यह सामान्य दुर्घटना नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है। उन्होंने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

बताया जाता है कि नीतीश ट्रांसपोर्टिंग का काम करता था और अपने दो भाइयों में सबसे बड़ा था। परिवार की जिम्मेदारी भी उसी के कंधों पर थी। उसकी शादी महज नौ महीने पहले ही हुई थी। ऐसे में उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। औद्योगिक थानाध्यक्ष सुरेश कुमार सिंह ने परिजनों को समझा-बुझाकर शव का पोस्टमार्टम कराया। उन्होंने कहा कि घटनास्थल के आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर मामले का जांच किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button