CRIME

दिनदहाड़े लूट का प्रयास करने वाले दो अपराधी गिरफ्तार, कट्टा और मोबाइल बरामद

 

बीआर दर्शन | बक्सर

मुरार थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े लूटपाट करने वाले दो आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में शामिल दो कुख्यात बदमाशों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से एक देसी कट्टा और लूटा गया मोबाइल बरामद किया।

डुमरांव एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने शुक्रवार को मुरार थाने में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि 16 मई को आमसारी गांव निवासी मुन्ना कानू के पुत्र गोलू कुमार से केसठ-डुमरांव राजवाहा मार्ग पर लूटपाट का प्रयास किया गया था। घटना नवनिर्मित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के समीप हुई थी। बदमाशों ने कट्टा दिखाकर युवक को रोक लिया था। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की गई थी।

इसी दौरान ग्रामीण और डायल-112 पुलिस वाहन पहुंच गए। पुलिस को देखकर बदमाश मौके से फरार हो गए। भागने के दौरान अपराधियों का एक मोबाइल घटनास्थल पर गिर गया था। यही मोबाइल पुलिस जांच का अहम सुराग बना। एसपी शुभम आर्य के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी जांच और लगातार छापेमारी शुरू की।

वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान भोजपुर जिले के तरारी थाना क्षेत्र के सैदनपुर गांव निवासी सुमित कुमार और पीरो थाना क्षेत्र के सनेही टोला निवासी सुबोध कुमार के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार दोनों अपराधी कुख्यात प्रवृत्ति के हैं। सुमित कुमार पर रोहतास और भोजपुर जिले में लूट के कई मामले दर्ज हैं। वहीं सुबोध कुमार पर पीरो थाना क्षेत्र में हत्या के दो मामले दर्ज बताए गए हैं। मौके पर डुमरांव सर्किल इंस्पेक्टर अरविंद कुमार, मुरार थानाध्यक्ष नेहा कुमारी समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button