टोल प्लाजा पर डिवाइडर से टकराईं तेज रफ्तार बस, सवारी जख्मी
बक्सर से ब्रह्मपुर के तरफ़ जा रही थी तेज रफ्तार बस टोल प्लाजा पर डिवाइडर से टकराईं, चालक के नशे में होने का आरोप
बीआर दर्शन। बक्सर
बक्सर – आरा एनएच 922 पर एक तेज रफ्तार बस दलसागर के समीप टोल प्लाजा के डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद बस में सवार यात्री जख्मी हो गए। जख्मियों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच बस को कब्जे में ले लिया।
मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार की दोपहर बक्सर से एक बस यात्रियों को लेकर ब्रह्मपुर के तरफ़ जा रही थी। बस की रफ्तार काफी तेज थी। बस दो दिन पहले खुले टोल प्लाजा के डिवाइडर से टकरा गई। बस में सवार यात्री जख्मी हो गए। गंभीर रूप से जख्मी चार यात्रियों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं आंशिक रूप से जख्मी यात्रियों को मौके पर इलाज कराया गया। बस में सवार यात्रियों की मानें तो चालक शराब का सेवन कर रखा था। बस अनियंत्रित तरीके से चला रहा था। वहीं जानकारों का कहना है कि ट्रैफिक नियमों के जानकारी का अभाव एनएच पर बढ़ रहे हादसों का एक कारण बन रहा है। औद्योगिक थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि अभी तक मामले में कोई भी व्यक्ति के द्वारा एफआईआर दर्ज नहीं कराई गई है। एफआईआर दर्ज कराए जाने पर मामले की जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।