चौसा पशु मेले के पास पोखरे में मिला युवक का शव, हत्या की आशंका

बीआर दर्शन | बक्सर
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चौसा पशु मेले के समीप स्थित पोखरे से शुक्रवार की शाम एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष आंकी जा रही है। शव मिलने की सूचना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर भारी संख्या में लोग जुट गए। मृतक का हाथ पैर बंधा हुआ था जिसके कारण हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।
मिली जानकारी के मुताबिक कुछ पशुपालक अपने मवेशियों को चराने और घास काटने पोखरे के आसपास गए थे। उसी दौरान उनकी नजर पानी में उतराए हुए शव पर पड़ी। पशुपालकों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय लोगों और बाद में पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को पोखरे से बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि युवक की हत्या कर शव को पोखरे में फेंका गया है, क्योंकि मृतक के हाथ-पैर बंधे हुए मिले हैं। इस कारण डुबोकर मारने की संभावना जताई जा रही है। मृतक ने चेकदार शर्ट और काला पैंट पहन रखा था।
फिलहाल शव की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थानों में सूचना भेजकर मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। वहीं, घटनास्थल पर मौजूद लोगों के बीच इस मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कोई उसे पशु व्यवसायी बता रहा है, तो कोई बता रहा कही से लाकर युवक को डुबोकर हत्या कर दी हो। पुलिस मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
मुफस्सिल थानाध्यक्ष शम्भू कुमार भगत ने बताया कि युवक के शव को पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पहचान न होने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। घटना की जांच की जा रही है।