CRIME

गोलियों की गूंज से दहला राजपुर, अभी तक दो की मौत कई जख्मी 

 

बीआर दर्शन | बक्सर

शनिवार की सुबह गोलियों की तड़तड़ाहट से राजपुर थाना क्षेत्र दहल गया। अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग की आवाज सुन गांव के लोग भयभीत हो गए। गोलीबारी की घटना में अभी तक एक ही परिवार के दो की मौत हो चुकी है वहीं कई जख्मी हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने जलहारा के पास बक्सर – कोचस मार्ग को जाम कर दिया है।

ग्रामीण सूत्रों का कहना है कि गांव के विनोद सिंह यादव एवं सुनील सिंह यादव का विवाद शुक्रवार को दूसरे पक्ष से गिट्टी-बालू बेचने को लेकर हुआ था। शनिवार अहले सुबह नहर के समीप हथियारबंद अपराधियों ने एक ही परिवार के आधा दर्जन लोगों को निशाना बना कर गोलियां चलाई। जिसमें विनोद सिंह और सुनील सिंह यादव की मौत हो गई। जबकि तीन अन्य जख्मी हो गए। ज़ख्मियों का इलाज कोचस और सदर अस्पताल बक्सर में कराया गया। जहां से बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया। स्थानीय सूत्रों का कहना है कि अपराधकर्मियों ने भारी गोलीबारी की है। चर्चा है कि गोलीबारी में जख्मी वीरेंद्र सिंह यादव की भी इलाज के दौरान मौत हो चुकी है हालांकि, अभी तक पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।इसके अलावा चौथे व्यक्ति पुंज सिंह यादव भी गम्भीर रूप से घायल है जिनकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है। राजपुर थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि गिट्टी बालू बेचने के विवाद में गोलीबारी हुई है। दो लोगों की मौत हुई है। घटना की जांच जारी है।घटनास्थल पर सदर एसडीपीओ धीरज कुमार भी पहुंच गए है। एसडीपीओ ने विशेष टीम का गठन कर अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए थानाध्यक्ष को निर्देश दिया है। पुलिस पूरे इलाके में नाकेबंदी करते हुए अपराधियों की तलाश में जुट गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button