गेहूं गोदाम में मिला किशोर का शव, हत्या का आरोप लगाकर ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

बीआर दर्शन | बक्सर
राजपुर थाना क्षेत्र के सरेजा गांव स्थित गेंहू के गोदाम में सोमवार की सुबह एक किशोर का शव मिलने से सनसनी फैल गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने कोचस-चौसा मुख्य सड़क जाम कर दिया। ग्रामीण मुआवजा और दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

मिली जानकारी के मुताबिक सरेंजा निवासी बेचन चौहान के 12 वर्षीय पुत्र बगेलू का शव गांव स्थित बृजमोहन राय के गेहूं गोदाम के अंदर मिला। सुबह जब गोदाम का मुख्य गेट खोला गया तो अंदर किशोर का शव पड़ा मिला। घटना की खबर मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जाता है कि गोदाम किराए पर दिया गया है।


सोमवार की सुबह उसका शव मिलने के बाद परिवार वालों ने हत्या की आशंका जताई है। परिजनों का आरोप है कि किशोर की हत्या कर शव को गोदाम के अंदर फेंका गया। मृतक के चेहरे पर चोट के निशान मिलने की भी बात कही जा रही है। घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा और लोगों ने गोदाम के समीप सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीण घटनास्थल पर एसपी को बुलाने की मांग कर रहे हैं। सूचना मिलने पर राजपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास करती रही। काफी प्रयास के बाद परिजनों को समझाने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।





