OTHERS

करें योग – रहें निरोग, विश्व योग दिवस पर शहर हुआ योगामय

स्थानीय सांसद ने जिलेवासियों के साथ किया योग, बताए फायदे विश्व योग दिवस पर किया गया पौधरोपण 

बीआर दर्शन | बक्सर

विश्व योग दिवस पर शहर का माहौल बदला हुआ दिखा। अहले सुबह से शहर के विभिन्न संस्थाओं और जिला प्रशासन की ओर से योगाभ्यास के लिए कार्यक्रम आयोजित किये गये। वामनेश्वर गंगा घाट के तट पर गजब का नजारा दिखा। यहां पर जिला गंगा समिति व आर्ट ऑफ लिविंग की ओर से योग दिवस पर हुआ भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। स्थानीय सांसद सह केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे, जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल के अलावा शहरवासी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं व जिले के आलाधिकारियों ने एक साथ मिलकर ध्यान और आसन किया। आर्ट ऑफ लिविंग की फैकल्टी और योग विशेषज्ञ वर्षा पांडेय ने फैसिलिटेट किया। उनके निर्देशन में सभी लोगों ने आसान, प्राणायाम, ध्यान, मंत्रों एवं यौगिक ज्ञान के द्वारा योग की गहन अनुभूति व क्षमता का अनुभव किया। उन्होंने इस कार्यक्रम के अलावा सेंट्रल जेल के कैदियों को योग के महत्व को समझाया और ध्यान व योग की गहन अनुभूति करावाई।

पीएम के आह्वान का असर, पूरी दुनिया हुई योगमय: अश्विनी चौबे

स्थानीय सांसद सह केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर शहरवासियों के साथ योग कर नियमित रूप से योगाभ्यास करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मन के लिए योग अत्यंत जरूरी है। योग को हमें अपने दैनिक दिनचर्या में शामिल करना चाहिए। योग से हमारी मानसिक स्थिति व शारीरिक स्थिति अत्यंत मजबूत रहती है। उन्होंने कहा कि आज योग वैश्विक आंदोलन बन गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान का असर है कि पूरी दुनिया योगमय हो गई है। भारत के प्रस्ताव पर दुनिया के 180 से ज्यादा देशों का एक साथ योग करना ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि इस बार योग दिवस का थीम वसुधैव कुटुम्बकम के लिए योग है। उन्होंने पौधारोपण किया।

स्वस्थ शरीर व स्वस्थ मन के लिए योग जरूरी: डीएम

वामनेश्वर गंगा घाट के तट पर विश्व योग दिवस पर आयाेजित कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी अंशुल अग्रवाल ने बताया कि मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए हमारे जीवन में योग अत्यन्त उपयोगी है। योग सार्वभौमिक चेतना के साथ व्यक्तिगत चेतना के मिलन का भी प्रतीक है, जो मन और शरीर, मानव और प्रकृति के बीच एक पूर्ण सामंजस्य का संकेत देता है। उन्होंने योग के कई प्रकार के फायदे भी बताये गये। योग के पश्चात उपस्थित अतिथियों द्वारा गंगा तट पर वृक्षारोपण भी किया गया। साथ ही कार्यक्रम में उपस्थित सभी आमजन को एक-एक पौधे भेंट कर उन्हें पर्यावरण संरक्षण हेतु जागरूक किया गया। कार्यक्रम में डीडीसी डॉ महेंद्र पाल, सदर एसडीओ धीरेंद्र कुमार मिश्रा, अपर समाहर्ता बक्सर, जिला शिक्षा पदाधिकारी बक्सर, वरीय उप समाहर्ता बक्सर, डीपीओ, नगर परिषद की ईओ प्रेम स्वरूपम, जिला परियोजना अधिकारी नमामि गंगे, वनों के क्षेत्र अधिकारी आदि मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button