औद्योगिक, नावानगर, कृष्णाब्रह्म, धनसोई, एससी-एसटी थानाध्यक्ष समेत कई पुलिस पदाधिकारियों का हुआ फेरबदल

बीआर दर्शन | बक्सर
नये वर्ष के पहले पखवाड़े में शाहाबाद डीआईजी के निर्देश पर बड़े पैमाने पर पुलिस पदाधिकारियों का फेरबदल किया गया है। पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने कई थानाध्यक्षों को पुलिस लाइन भेज दिया। पुलिस लाइन में या अन्य थाना में तैनात पुलिस पदाधिकारियों को विभिन्न थानों का कमान सौंपा गया है।


पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक औद्योगिक थानाध्यक्ष संजय कुमार, कृष्णाब्रह्म थानाध्यक्ष संदीप कुमार राम, एससी-एसटी थानाध्यक्ष मनीष कुमार शर्मा, नावानगर थानाध्यक्ष कुसुम कुमार केसरी, धनसोई थानाध्यक्ष रितेश कुमार दूबे को पुलिस केन्द्र भेजा गया। वहीं पुलिस केन्द्र में तैनात पुलिस निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह को औद्योगिक थाना का कमान सौंपा गया है। ब्रह्मपुर थाना में तैनात राहुल कुमार को एससी-एसटी थाना, डीआईयू में तैनात रवि कुमार को कृष्णाब्रह्म, नगर थाना में तैनात विकास कुमार 1 को धनसोई थाना, और नगर थाना में ही तैनात प्रफुल्ल कुमार को नावानगर थाना का कमान सौंपा गया है। संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को 24 घंटे के अंदर नवपदस्थापन स्थान पर योगदान कर इसकी सूचना पुलिस अधीक्षक कार्यालय को देना है। बताया जा रहा है कि विधि व्यवस्था को सुदृढ़ करने को लेकर बड़े पैमाने पर पुलिस पदाधिकारियों का फेरबदल किया गया है।





