CRIME

एक ही रात में तीन घरों से एक करोड़ से अधिक की चोरी, ग्रामीणों में भय

 

बीआर दर्शन | बक्सर 

सिकरौल थाना क्षेत्र के रेका गांव में रविवार की देर रात चोरों ने एक के बाद एक तीन घरों को निशाना बनाते हुए एक करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। इस वारदात के बाद पूरे गांव में दहशत और भय का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार बेलहरी पंचायत की मुखिया जया देवी के घर में चोरों ने सबसे बड़ी वारदात को अंजाम दिया। मुखिया प्रतिनिधि रवि उपाध्याय ने बताया कि चोर रात के अंधेरे में घर में घुसे और जिस कमरे में परिवार के लोग सो रहे थे, बाहर से कुंडी लगाकर उन्हें बंद कर दिया। इसके बाद चोरों ने इत्मीनान से घर में रखे सोने-चांदी के कीमती जेवरात और नकदी समेट ली। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

मुखिया के घर के पास स्थित टुनटुन उपाध्याय और बिहारी जी के घरों में भी चोरों ने हाथ साफ किया। इन दोनों घरों से भी जेवरात व अन्य कीमती सामानों की चोरी की गई, जिनकी कुल कीमत लगभग 50 लाख रुपये आंकी गई है। इस तरह एक ही रात, एक ही गांव में तीन घरों से चोरों ने एक करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति उड़ा ली। घटना की सूचना मिलते ही सिकरौल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटना की जांच के लिए डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल पर सुराग तलाशने का प्रयास किया। हालांकि अब तक किसी ठोस सफलता की जानकारी नहीं मिल सकी है। मामले में पीड़ित परिवार द्वारा एफआईआर दर्ज कराई गई है। एसपी शुभम आर्य ने बताया कि चोरी की वारदात की जांच की जा रही है। चोरी के वारदात के उद्भेदन को लेकर दिशा निर्देश दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button