OTHERS

इलाज के दौरान महिला की मौत के बाद सड़क जाम, लापरवाही का आरोप लगा परिजनों ने किया हंगामा

 

बीआर दर्शन | बक्सर 

सदर अस्पताल में मंगलवार की रात इलाज के दौरान एक महिला की मौत हो गई। मौत के बाद परिजनों ने डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सासाराम–बक्सर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। देर रात हुई इस घटना के बाद अस्पताल परिसर और आसपास का इलाका तनावपूर्ण बना हुआ है। आक्रोशित परिजनों ने सड़क पर अस्पताल का स्ट्रेचर, पास की दुकानों के बेंच और अन्य सामान रखकर रास्ता पूरी तरह बंद कर दिया और वहीं धरने पर बैठ गए। परिजन दोषी डॉक्टरों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

मिली जानकारी के मुताबिक तियरा गांव राजेश कुमार सिंह की पत्नी देवंती देवी का मंगलवार की रात करीब 11 बजे अचानक उल्टी और बार-बार दस्त होने लगे। गंभीर हालत में वे उसे बक्सर सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। इमरजेंसी में मौजूद डॉक्टर ने प्राथमिक जांच के बाद पर्ची लिखकर सहयोगी स्टाफ को दे दी।

राजेश सिंह के अनुसार, इसके बाद सहायक स्टाफ ने पर्ची पर लिखे अनुसार एक इंजेक्शन दिया। कुछ देर बाद दूसरा इंजेक्शन भी लगाया गया। इंजेक्शन लगने के बाद उनकी पत्नी की हालत और ज्यादा बिगड़ गई। इसी दौरान उनकी पत्नी की मौत हो गई। राजेश सिंह ने कहा कि उनके तीन छोटे बच्चे हैं। आरोप है कि उनकी पत्नी की मौत पूरी तरह डॉक्टरों की लापरवाही का नतीजा है। घटना के बाद परिजन इतने आक्रोशित हो गए कि उन्होंने अस्पताल के सामने मुख्य सड़क को जाम कर दिया।

सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। घटना की सूचना पर एसडीएम अविनाश कुमार और एसडीपीओ गौरव पांडेय मौके पर पहुंच परिजनों को समझा बुझाकर शांत करा सड़क जाम हटवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button