Accident

अलग-अलग सड़क घटनाओं में दो युवकों की मौत, तीन जख्मी 

 

बीआर दर्शन | बक्सर 

जिला में सोमवार की देर शाम हुए दो अलग-अलग सड़क घटनाओं में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। वहीं तीन अन्य युवक जख्मी हो गए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

मिली जानकारी के मुताबिक बासुदेवा थाना क्षेत्र के बीपीएस हायर सेकेंडरी स्कूल नावानगर के समीप एक बाइक पर सवार तीन युवक नावानगर बाजार जा रहे थे। नावानगर की तरफ से तेज गति से आ रही डंफर ने बाइक को धक्का मार दिया। बाइक सहित तीनों युवक गिर गए। तीनों को अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों द्वारा जीतवाड़ीह गांव निवासी संतोष यादव के 20 वर्षीय पुत्र अशोक कुमार को मृत घोषित कर दिया।

मौत की खबर सुनते ही परिजन रोते हुए सीएचसी पहुंच गए। परिजनों द्वारा शव के साथ डुमरांव बिक्रमगंज पथ को सीएचसी के सामने जाम कर दिया गया। घटना की जानकारी होते ही बासुदेवा थाना की पुलिस थानाध्यक्ष अनिल कुमार पासवान, नावानगर थानाध्यक्ष प्रफुल्ल कुमार और सिकरौल थाना की पुलिस मौके पर पहुंच कर लोगो को समझाने में लगी है। साथ ही अन्य दोनों युवकों को बेहतर इलाज के लिए बक्सर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।घायलों की पहचान नावानगर थाना क्षेत्र के बुढ़ैला गांव निवासी सिकंदर यादव के पुत्र राहुल कुमार तथा बुढ़ैला गांव निवासी राजेंद्र यादव के पुत्र छोटू यादव के रूप में हुई है

वहीं सिकरौल थाना क्षेत्र के चमिला पुल में बाइक की टक्कर हो गई। टक्कर में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई तथा दूसरा युवक सवार गम्भीर रूप से जख्मी हो गया।बताया जा रहा है कि भोजपुर जिले के आयर गांव निवासी शिव बहादुर साह का पुत्र अप्पू कुमार और दिनेश साह का पुत्र अनिश कुमार चकिया से तिलक समारोह में से शामिल होकर अपने गांव लौट रहे थे। चमीला पुल के पास सड़क हादसे में एक युवक अप्पू कुमार की मौत घटनास्थल पर हो गई। वही दूसरा बाइक सवार गम्भीर रूप से जख्मी हो गया। थानाध्यक्ष अंकुश कुमार मण्डल ने बताया कि चकिया गांव से तिलक समारोह से लौट रहे बाइक सवार दो युवक की बाइक अनियंत्रित होकर पुल में टकरा गया। जिससे एक युवक की मौत घटनास्थल पर हो गई। वही दूसरा युवक घायल है।मृतक के परिजनों द्वारा थाना में आवेदन दिया गया है। प्राप्त आवेदन पर कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button