बिजली के गिरे तार की चपेट में आने से किसान की मौत, परिजनों ने शव रखकर सड़क जाम

बीआर दर्शन | बक्सर
शहर के सिंडिकेट के समीप बुधवार की सुबह बिजली के गिरे तार की चपेट में आने से 60 वर्षीय किसान की मौत हो गई। मृतक की पहचान बुधनपुरवा मोहल्ला, वार्ड संख्या 34 निवासी फुलेश्वर यादव के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के मुताबिक फुलेश्वर यादव प्रतिदिन की तरह बुधवार की सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच टहलने के लिए निकले थे। इसी दौरान सिंडिकेट स्थित मुख्य सड़क पर गिरे बिजली के तार की चपेट में आ गए। करंट लगने से उनकी मौत हो गई।


घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने मृतक के शव को सड़क पर रखकर मार्ग जाम कर दिया। प्रदर्शनकारी मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने तथा घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

सड़क जाम के कारण मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया। सूचना मिलने पर नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझाने-बुझाने के साथ जाम समाप्त कराने का प्रयास किया।



