दिल्ली से पटना लाई जा रही 3 लाख की शराब बक्सर में बरामद

बीआर दर्शन | बक्सर
उत्पाद विभाग द्वारा उत्पाद अधिनियम लागू करने को लेकर चलाए जा रहे वाहन जांच अभियान के तहत शुक्रवार की सुबह बक्सर के वीर कुंवर सिंह चेक पोस्ट पर एक कंटेनर से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की। मामले में चालक को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

पमिली जानकारी के मुताबिक चेक पोस्ट प्रभारी कुंदन कुमार के नेतृत्व में वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान दिल्ली से पटना की ओर जा रहे एक संदिग्ध कंटेनर को रोककर उसकी जांच की गई। कंटेनर के ऊपरी हिस्से में कैरियर का सामान लदा हुआ था, जिससे पहली नजर में कोई संदेह नहीं हुआ।

जब अधिकारियों ने कंटेनर की सील तोड़कर अंदर की तलाशी ली तो उसमें पंजाब निर्मित विदेशी शराब की बोतलें छिपाकर रखी गई थीं। तलाशी के दौरान कुल 307.1 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 3 लाख 68 हजार रुपये आंकी गई है।

कार्रवाई के दौरान कंटेनर चालक सुनील यादव, निवासी गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में पता चला कि कंटेनर दिल्ली से पटना की ओर जा रहा था।

उत्पाद विभाग ने गिरफ्तार चालक के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि सीमावर्ती चेक पोस्टों पर लगातार सघन जांच अभियान जारी रहेगा, ताकि शराब तस्करी पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।




