श्राद्ध कर्म में शामिल होने आए तीन बच्चे गंगा में डूबे, एक की मौत, एक गायब

बीआर दर्शन | बक्सर
टाउन थाना क्षेत्र के छोटकी सारिमपुर पुलिया घाट के समीप शुक्रवार को गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। दशकर्म की धार्मिक प्रक्रिया उस समय मातम में बदल गई, जब गंगा नदी में स्नान करने गए तीन बच्चे अचानक गहरे पानी में डूबने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए एक बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन दो बच्चों की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अहिरौली निवासी मनोज कुमार सिंह के पिता के निधन के बाद दशकर्म की प्रक्रिया गंगा घाट पर चल रही थी। दशकर्म के बाद परिवार के सदस्य गंगा स्नान कर रहे थे। इसी दौरान कुछ बच्चे भी नदी में नहाने के लिए उतर गए। बताया जा रहा है कि स्नान के दौरान अचानक तीनों बच्चे गहरे पानी की ओर चले गए और डूबने लगे। बच्चों को डूबता देख घाट पर मौजूद लोगों और परिजनों में हड़कंप मच गया। लोगों ने तुरंत नदी में छलांग लगाकर बच्चों को बचाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद भदार निवासी अनिल सिंह के 12 वर्षीय पुत्र रतन सिंह को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि मनोज सिंह के 7 वर्षीय पुत्र रुद्र कुमार का शव बरामद किया गया। वहीं मनियर निवासी 12 वर्षीय छोटू कुमार को खोजने का प्रयास किया जा रहा है।


घटना की सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से राहत एवं खोज अभियान शुरू कराया गया। काफी प्रयास के बाद गोताखोरों ने 7 वर्षीय रुद्र कुमार का शव गंगा नदी से बरामद कर लिया। वहीं दूसरे बच्चे छोटू कुमार की तलाश देर शाम तक जारी रही। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घाट पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। पूरे इलाके में शोक और मातम का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से गंगा घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और खतरनाक स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है।





