शादी का झांसा देकर महिला सिपाही का किया यौन शोषण, रचा ली दूसरी शादी

बीआर दर्शन | बक्सर
बिहार विशिष्ट विशेष सशस्त्र पुलिस (बिसैप)-04 के हरियाणा फार्म डुमरांव में पदस्थापित एक महिला सिपाही के साथ दो वर्षों तक यौन शोषण करने की घटना सामने आई है। पीड़िता ने अपने ही सहकर्मी और बिसैप-04 में सिपाही के पद पर कार्यरत उमेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप है कि उसने शादी का झांसा देकर उसके साथ लगातार दुष्कर्म किया। इस दौरान पीड़िता तीन बार गर्भवती हुई और हर बार आरोपी ने अलग-अलग बहाने बनाकर उसका गर्भपात करा दिया। पीड़िता ने मामले को लेकर डुमरांव थाना में एफआईआर दर्ज कराई है। आरोपी को विभाग द्वारा तत्काल निलंबित कर दिया गया है।
पटना जिले की रहने वाली पीड़िता ने डुमरांव थाने में दिए गए आवेदन में बताया कि उसकी पहली मुलाकात फरवरी 2023 में उमेश कुमार से बिसैप परिसर में हुई थी। इसके बाद आरोपी ने उसका मोबाइल नंबर लेकर लगातार संपर्क बनाए रखा। अप्रैल 2023 में वह वाराणसी गई थी, तो उमेश भी वहां पहुंच गया और कैंट इलाके के एक होटल में ठहरते समय पहली बार उसने जबरन शारीरिक संबंध बनाए। विरोध करने पर आरोपी ने उसका हाथ पकड़ा, मुंह ढंक दिया और बाद में नौकरी जाने की दुहाई देकर माफी मांगने लगा।
मई 2023 में जब पीड़िता को गर्भवती होने की जानकारी मिली और उसने शादी का दबाव बनाया, तो आरोपी ने बहन की शादी की वर्षगांठ का बहाना बनाकर उसे देवघर ले गया, जहां मंदिर में शादी का स्वांग रचा गया। लेकिन इसके कुछ दिन बाद उसने दवा खिलाकर गर्भपात करा दिया। सितंबर 2023 और सितंबर 2024 में पीड़िता फिर से गर्भवती हुई, लेकिन उमेश ने दोनों बार उसे धोखे से गर्भपात करा दिया। जब पीड़िता ने बार-बार सामाजिक रूप से विवाह करने की मांग की, तो आरोपी ने उसे धमकाना शुरू कर दिया।
दूसरी लड़की से शादी, महिला सिपाही ने दर्ज कराई एफआईआर
मई 2025 में उमेश ने दूसरी लड़की से शादी कर ली। इसकी जानकारी मिलने पर सदमे में आई महिला सिपाही ने डुमरांव थाने में एफआईआर दर्ज कराई। मामला सामने आते ही विभाग में हड़कंप मच गया और आरोपी सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। डुमरांव के प्रभारी थानाध्यक्ष मतेन्द्र कुमार ने बताया कि आरोपी फरार है, लेकिन उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।