50 हजार के इनामी को चक्की पुलिस ने किया गिरफ्तार, भेजा जेल

बीआर दर्शन | बक्सर
चक्की थाना पुलिस ने मंगलवार को लंबे समय से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी अपराधी ब्रह्मेश्वर यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र के लक्ष्मण डेरा गांव में छापेमारी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि चक्की थाना में आर्म्स एक्ट सहित कई अन्य गंभीर मामलों में वांछित था। इसके अतिरिक्त उसके विरुद्ध बेतामिला कांड में भी प्राथमिकी दर्ज थी तथा उस पर 50 हजार रुपये का अलग से इनाम घोषित था।

पुलिस के अनुसार ब्रह्मेश्वर यादव लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। पुलिस टीम ने सटीक सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे उसके ही गांव से गिरफ्तार किया। थानाध्यक्ष ने बताया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराध पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में यह सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि फरार अपराधियों की धरपकड़ जारी रहेगी और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।





