22 किलो गांजा के साथ दो गिरफ्तार, लग्जरी कार व ऑटो जब्त

बीआर दर्शन | बक्सर
अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के विरुद्ध बक्सर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को बड़ी सफलता मिली है। नया भोजपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने 22 किलोग्राम गांजा जैसा मादक पदार्थ बरामद किया है। इस दौरान पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार किया है, जबकि उनके अन्य साथी मौके से फरार होने में सफल रहे।

पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने बताया कि नया भोजपुर थाना को गुप्त सूचना मिली थी कि नया भोजपुर पुल के नीचे एक सफेद रंग की हुंडई कार और काले–पीले रंग की टेम्पो में गांजा लोड किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद डुमरांव एसडीपीओ पोलस्त कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम में नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक सुमन कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने देखा कि हुंडई कार से टेम्पो में गांजा जैसा मादक पदार्थ उतारा जा रहा था। पुलिस को देखते ही तस्करों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन दो आरोपियों को मौके से पकड़ लिया गया, जबकि अन्य अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए। इसके बाद दोनों वाहनों की तलाशी लेने पर कुल 22 किलोग्राम गांजा जैसा मादक पदार्थ बरामद किया गया। गिरफ्तार तस्करों की पहचान अखिलेश कुमार यादव एवं हरेन्द्र माली, दोनों निवासी ग्राम दुधीपट्टी, थाना सिमरी के रूप में की गई है।पुलिस ने एक टेम्पो एक हुंडई वरना कार तथा दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि फरार तस्करों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।




