20 घंटे बाद मिला नदी में बहे युवक का शव, ग्रामीणों ने जताई नाराजगी

बीआर दर्शन | बक्सर
राजपुर थाना क्षेत्र के खीरी गांव के समीप रविवार की शाम धर्मावती नदी में बहे युवक का शव 20 घंटे बाद सोमवार को मिला। शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
मिली जानकारी के मुताबिक अकबरपुर गांव निवासी रामानंद यादव का पुत्र सोमारू यादव रविवार को ही दोपहर में कैमूर जिला के निकटवर्ती गांव अहरौली गांव से कालिदास पूजा कार्यक्रम से लौट रहा था।
इसी दौरान धर्मावती नदी को पार करने के दौरान तेज धार में वह बह गया था। घटना के कई घंटे बाद युवक के नहीं दिखने पर ग्रामीणों ने इसकी खोज शुरू की थी। जिसके लिए स्थानीय ग्रामीण के अलावा आसपास के कई लोगों ने पूरी रात नदी किनारे खोजबीन किया। स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि राजेश सिंह एवं खीरी पंचायत के पूर्व मुखिया लाल साहब सिंह एवं अन्य लोगों के सहयोग से नदी किनारे खीरी नदी पुल पर लाइट की व्यवस्था कर खोजबीन की जा रही थी।
सोमवार की सुबह युवक का शव नदी के पानी में बहते हुए पुल के करीब चला आया। जिसे देख ग्रामीणों ने शव को पानी से बाहर निकाला। स्थानीय गोताखोर एवं एनडीआरएफ टीम के नहीं पहुंचने से ग्रामीणों में नाराजगी देखी गयी। ग्रामीणों का कहना है कि जिला स्तर पर कोई बचाव दल कार्यरत नहीं है। ऐसे में घटना होने पर घंटों इंतजार करना पड़ता है।