20वीं अंतर्राज्यीय फैज मेमोरियल : मुजफ्फरपुर ने सतना को चार विकेट से हराया

बीआर दर्शन | बक्सर
20वीं अंतर्राज्यीय फैज मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे ग्रुप का पहला क्वार्टर फाइनल मैच ऐतिहासिक किला मैदान में बुधवार को मध्य प्रदेश के सतना और बिहार के मुजफ्फरपुर के बीच खेला गया। मुख्य अतिथि डीएसपी गौरव पांडेय ने अतिथि खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर तथा गेंद को बल्ले से हिट कर मैच का शुभारंभ किया।

114 रनों पर सिमट गई सतना, मध्य प्रदेश की टीम:
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सतना मध्य प्रदेश की टीम ने 20.4 ओवर में अपने सभी विकेट खोकर मात्र 114 रन ही बना सकी। सतना की ओर से गुड्डू ने सर्वाधिक 20 रन, ऋषभ शुक्ला एवं विश्वास सक्सेना ने 17-17 रन आकाश ने 12 अमरजीत तथा अनुराग ने 10-10 रनों का योगदान किया। मुजफ्फरपुर की तरफ से आदर्श पाराशर ने चार विकेट जबकि आलोक ने तीन तथा मयंक और अरविंद ने एक-एक विकेट प्राप्त किया। वहीं एक खिलाड़ी रन आउट हुआ।

लो स्कोरिंग के बावजूद रोमांचक हुआ मुकाबला:
लो स्कोरिंग के बावजूद मैच रोमांचक स्थिति में पहुंच गया। 115 रन के आसान लक्ष्य को हासिल करने में एक समय मुजफ्फरपुर की टीम 56 रन पर 6 विकेट खोकर मुश्किल में आ गई। उस समय दर्शक यह नहीं समझ पा रहे थे कि कौन सी टीम जीतेगी। लेकिन, आदर्श के नाबाद 46 रन तथा अतुल प्रियंका के 18 रन की बदौलत 118 आनंद बनाकर जीत हासिल कर ली। इनके अलावा आदित्य ने 14 सुदर्शन ने 11 तथा अरविंद ने 12 रनों का योगदान किया। सतना की तरफ से वैभव पाल ने तीन जबकि आकर्ष और मोहम्मद गुड्डू ने एक-एक विकेट प्राप्त किया । एक खिलाड़ी रन आउट हुआ।

ऑलराउंडर आदर्श पाराशर को दिया गया मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार:
ऑलराउंडर प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार वार्ड नंबर 1 के पार्षद प्रतिनिधि गणेश यादव द्वारा दिया गया। सीमा रेखा के बाहर कैच पकड़ने वाले 2 दर्शकों को हीरो तथा होंडा की तरफ से हेलमेट एवं कंबल उपहार के रूप में दिया गया। मैच के दौरान अंपायर की भूमिका में स्टेट पैनल अंपायर राजेश कुमार सिंह तथा संजीव तिवारी थे, जबकि कमेंटेटर विक्की जायसवाल और अनुराग श्रीवास्तव ने अपने जादुई आवाज से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। ऑनलाइन स्कोरर अमन फरीदी तथा ऑफलाइन स्कोरर रणवीर सिंह थे। मैच का सजीव प्रसारण सुशांत ब्लास्टर की टीम द्वारा किया गया। मैच के दौरान सम्मानित क्रिकेट प्रेमी सेट छन्नू लाल, नियमतुल्लाह फरीदी, इंद्र प्रताप सिंह, ओमजी यादव ऋषिकेश त्रिपाठी, अखिलेश पांडे, संजय राय के अलावा वार्ड पार्षद झब्बू राय, गणेश बरनवाल, चक्रवर्ती चौधरी, दीपक सिंह, हैदर अली, पप्पू चौबे, दिनानाथ ठाकुर, बबलू बल्ली, मनीष पासवान, राजेश यादव, शमीम अंसारी, नंदू पाण्डेय, हिमांशु चतुर्वेदी, फसीह आलम, दुर्गा प्रसाद वर्मा, स्वर्गीय फ़ैज़ अहमद के पिता डॉ सुहैल अहमद मुख्य रूप से उपस्थित थे। कल का मैच मेजबान फैज एकादश बक्सर और गयाजी के बीच खेला जाएगा।




