14 नवंबर को महागठबंधन का सुपड़ा हो जाएगा साफ : अमित शाह

बीआर दर्शन | बक्सर
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर शुक्रवार केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बक्सर में हुंकार भरी। उन्होंने दीपावली की बधाई दी और कहा कि कल से छठ मईया की पूजा प्रारंभ होगी। छठ मईया से बिहारवासियों के लिए आशीर्वाद मांगते हैं कि बिहार में फिर से जंगलराज ना आ जाए। केंद्रीय गृह मंत्री ने कांग्रेस और राजद पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने अभी सिवान की धरती से आ रहा हूं। लालू जी ने सिवान से शहाबुद्दीन के बेटा ओसामा को टिकट दिया है। शहाबुद्दीन पर 75 जघन्य अपराध के मामल थे। लालू जी बिहार की जनता को डराना चाहते हैं।

बक्सर के लोग वीर कुंवर सिंह की धरती से आते है, वे किसी से डरने वाले नहीं हैं। महागठबंधन बिहार को फिर से जगंलराज की ओर ले जाना चाहता है, पर यहां की जनता ऐसा होने नहीं देगी। केंद्रीय गृह मंत्री शुक्रवार को बक्सर के ऐतिहासिक किला मैदान में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।


उन्होंने कहा कि 14 नवंबर को मतगणना है। इसका परिणाम जानना चाहते हैं। 14 नवंबर को दोपहर 1 बजे तक लालू जी के बेटे का सुपड़ा साफ हो जाएगा और बिहार में एनडीए की सरकार बनेगी। बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ रहे हैं। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार को संवारा है। बक्सर के धरती को रामायण सर्किट से जोड़ने का काम किया है। धारा 370 को खत्म कर काश्मीर को हमेशा के लिए भारत का कर दिया। आतंकवाद का मुंहतोड़ जवाब दिया गया। ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान में घुसकर आतंकवादियों का सफाया किया। उन्होंने कहा कि लालू एंड कंपनी से डरने की जरूरत नहीं है। एनडीए की सरकार बनाने के लिए यहां से संकल्प लेकर जाएं। उन्होंने बक्सर, राजपुर, डुमरांव, ब्रह्मपुर के साथ सभी एनडीए के प्रत्याशियों के लिए समर्थन मांगा।




