OTHERS

विश्व कैंसर दिवस पर शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर निकाली गई जागरूकता रैली

 

बीआर दर्शन | बक्सर 

विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर आज शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (यूपीएचसी) से कैंसर जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को कैंसर की रोकथाम, प्रारंभिक जांच एवं समय पर उपचार के प्रति जागरूक करना था। रैली में स्वास्थ्य कर्मियों के साथ-साथ आमजन की भी सक्रिय भागीदारी रही।

इसके उपरांत सदर अस्पताल परिसर में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसका विधिवत उद्घाटन एनसीडीओ डॉ. संजय कुमार द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। कार्यक्रम में होमी भाभा कैंसर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. वरुण संकृत एवं डॉ. ऋतु शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही।

इस अवसर पर डॉ. वरुण संकृत ने कैंसर के विषय में जानकारी देते हुए कहा कि कैंसर कोई लाइलाज बीमारी नहीं है, बशर्ते इसकी पहचान प्रारंभिक अवस्था में हो जाए। उन्होंने बताया कि तंबाकू सेवन, गलत खान-पान और अस्वस्थ जीवनशैली कैंसर के प्रमुख कारण हैं। समय पर जांच, नियमित स्क्रीनिंग और जागरूकता के माध्यम से कैंसर से होने वाली मृत्यु दर को काफी हद तक कम किया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान कैंसर के लक्षण, बचाव के उपाय तथा उपचार की उपलब्ध सुविधाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। डॉ. ऋतु शर्मा ने भी आमजन को किसी भी संदिग्ध लक्षण को नजरअंदाज न करने और तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी।

कार्यक्रम में नर्सिंग स्टाफ रूबी कुमारी एवं चांदनी कुमारी, डेटा एंट्री ऑपरेटर सुनील कुमार पांडेय तथा प्रिंस कुमार उपस्थित रहे और कार्यक्रम के सफल संचालन में सहयोग प्रदान किया। अंत में आमजन से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, तंबाकू व नशे से दूर रहने तथा नियमित जांच कराने की अपील की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button