हैवानियत : सौतेली मां ने आठ वर्षीय मासूम की हत्या कर शव जला बक्सा में छुपाया

बीआर दर्शन | बक्सर
डुमरांव अनुमंडल के नया भोजपुर में सौतेली मां की हैवानियत सामने आई है। सौतेली मां ने आठ वर्षीय बच्ची की हत्या कर शव को जला कर बोरे में भर बक्सा में बंद कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। घटना के बाद गांव में सनसनी फ़ैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार वार्ड आठ स्थित नया भोजपुर पूरब टोला निवासी पप्पू गोंड की आठ वर्षीय बेटी आंचल कुमारी शनिवार की शाम से अचानक घर से गायब हो गई थी। हालांकि परिजनों ने इस मामले में शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। बच्ची को आसपास के घरों में ढुंढा गया। परन्तु जब बच्ची नहीं मिली तो पड़ोसियों को शक सौतेली मां पर हुआ और वो घर की तलाशी लेनी शुरू की। घर के अंधेरे कमरे में बंद एक बक्सा को लोगों ने खोला तो देखा कि पीले रंग की सीमेंट की बोरी में कुछ रखा हुआ है। जिसके बाद बोरी का मुंह खोला गया तो उसमें आचल का जला हुआ चेहरा मिला। जिसके बाद इलाके में हडकंप मच गया। उसके बाद पुलिस को सूचना दी गयी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पप्पू गोड़ दिल्ली में रहता है। वहां से परिवार के भरण-पोषण के लिए नौकरी करता है। आरोपी सीमा देवी शादी 2024 में हुई थी।घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ लगी है। वहीं ग्रामीणों की मानें तो आंचल की दादी गुंगी है। जिसके कारण स्पष्ट कुछ नही बोल पा रही थी।
डुमरांव एसडीपीओ अफाक अख्तर अंसारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही स्वयं घटनास्थल पर पहुंचा। नया भोजपुर ओपी पुलिस शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई कर रही है। वहीं परिजनों और पड़ोसियों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपी मां सीमा देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ हो रही है।