हर-हर महादेव गूंजे शिवालय, शिव मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, निकला बरात

बीआर दर्शन | बक्सर
महाशिवरात्रि पर शहर शिवमय दिखा। अहले सुबह से ही गंगा स्नान के लिए घाटों पर भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने गंगा स्नान कर देवाधिदेव भगवान शिव को जलाभिषेक किये। सुबह से लेकर दोपहर तक शिवालयों में आस्था का जनसैलाब उमड़ गया था। भगवान शिव को जलाभिषेक के लिए शहर के लगभग सभी मंदिरों व शिवालयों में भक्तों की लंबी कतार लगी रही। हर-हर महादेव की गूंज से शिवालय गूंजते रहे। शिव के जलाभिषेक के बाद भक्तों ने गरीब और असहायों के बीच दान-पुण्य किया। हर कोई महादेव की भक्ति में लीन रहा। शाम को शहर में शिव बारात निकाली गई।
नाथ बाबा मंदिर, रामेश्वर मंदिर, सोमेश्वर मंदिर, ब्रह्मेश्वर मंदिर, सोखा धाम, गौरीशंकर मंदिर समेत विभिन्न शिवालयों में सुबह से भक्तों की कतार लगी थी। श्रद्धालुओं को जलाभिषेक करने में किसी भी तरह की परेशानी नहीं हो इसके लिए मंदिर प्रबंधन की ओर से बेहतर व्यवस्था की गई थी। महिलाओं और पुरूष श्रद्धालुओं की अलग-अलग कतार लगवाई गई थी। बारी-बारी से श्रद्धालुओं को मंदिर में प्रवेश कराया जा रहा था। एक श्रद्धालु को जलाभिषेक के लिए करीब घंटे भर इंतजार करना पड़ा। मंदिर में भगवान शिव की श्रृंगार को देख भक्त धन्य हो गये। मंदिर में कई भक्तों ने रुद्राभिषेक भी कराया। वैदिक मंत्रोच्चार से मंदिर का परिसर गूंजता रहा।
फूल, बेलपत्र, भांग और धतूरा की खूब हुई बिक्री:
शहर के हर शिवालय और मंदिरों के पास फूल, बेलपत्र, धतूरा, भांग आदि की दुकानें सजी थी। लोगों ने गुलाब, गेंदा आदि फूलों के अलावा बेलपत्र और भांग की खरीदारी भगवान शिव को चढ़ाने के लिए की। सुबह में फूल-बेलपत्र की दुकानों पर भक्तों की अच्छी खासी भीड़ दिखी। सिद्धनाथ घाट स्थित भगवान शिव के मंदिर में भक्तों ने जलाभिषेक कर फूल, बेलपत्र, भांग और धतूरा चढ़ाए।
मंदिर और गंगा घाटों पर थी प्रशासन की व्यवस्था:
सुरक्षा की दृष्टिकोण शहर के सभी गंगा घाटों और मंदिरों में महिला और पुलिस बल के अलावा पदाधिकारियों की व्यवस्था प्रशासन की ओर से की गई थी। गंगा घाटों पर और मंदिरों में अत्याधिक भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस पदाधिकारी हर गतिविधियों पर नज रख रहे थे। वहीं जाम की स्थिति उत्पन्न नहीं हो इसके लिए रामरेखा घाट रोड, गौरीशंकर मंदिर, नाथ बाबा मंदिर के पहुंचपथों पर छोटे-बड़े वाहनों का प्रवेश वर्जित कर दिया गया था।