हत्या या दुर्घटना! आहर में मिला 12 दिन गायब वृद्ध का कंकाल

बीआर दर्शन। बक्सर
कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के सोवां गांव से पूरब आहर के पास शनिवार की शाम एक वृद्ध का कंकाल बरामद हुआ। कंकाल बरामदगी की जानकारी मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई। घटनास्थल के पास ग्रामीण पहुंच गए। घटनास्थल से मिले कपड़े व जूते के आधार पर कंकाल की पहचान सोवां गांव निवासी गुप्तेश्वर महतो (85 वर्ष) के रूप में की गई। वह पिछले दो सप्ताह से लापता थे। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने कंकाल को जब्त कर न्यायिक कार्रवाई के लिए थाना चली गई।
मिली जानकारी के मुताबिक सोवां गांव निवासी गुप्तेश्वर महतो (85 वर्ष) बीते 11 दिसंबर को घर से निकले थे। लेकिन, वह घर लौटकर नहीं आए। इस बीच परिजनों द्वारा उनकी काफी खोजबीन की गई, लेकिन कहीं सुराग नहीं मिला। मामले की जानकारी विदेश में रह रहे वृद्ध के दोनों पुत्रों को हुई तो वे भी अपने जानने वालों से पिता की तलाश करवायी, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसी बीच शनिवार की शाम गांव के कुछ किसान खेत घूमने आहर की तरफ गए थे। ग्रामीणों ने देखा कि आहर में एक नर कंकाल पड़ा हुआ है। किसानों ने मामले की जानकारी फौरन गांव के लोगों को दी। नर कंकाल बरामदगी की सूचना जैसे ही ग्रामीणों को मिली अचानक पूरे गांव में हड़कंप मच गया। थोड़ी ही देर में आहर के पास लोगों का हुजूम उमड़ गया। घटनास्थल पर मिले कपड़ों से पहचान की गई। बताया जा रहा है कि गायब वृद्ध मानसिक रूप से कमजोर हो गए थे। अंदेशा जताया जा रहा है कि शौच के दौरान आहर में गिरने से मौत हो गई होगी।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मामले की जानकारी ग्रामीणों से ली। थानाध्यक्ष नीतीश कुमार ने बताया कि जब्त कंकाल को एफएसएल जांच के लिए पटना भेजा जाएगा, ताकि मृत व्यक्ति की सही पहचान की जा सके। वहीं इस मामले में अन्य लोगों से भी पूछताछ की गई है। मामले में आवेदन मिलने पर जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।